कुरुक्षेत्र। सन्निहित सरोवर में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ ने शव को सरोवर से निकालकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय निवासी सहलदत्त मिश्रा ने बताया कि रविवार देर शाम उन्हें सरोवर के पानी में कुछ दिखाई दिया। पहले उन्हें लगा कि शायद कोई कुत्ता रेलिंग के पास चला गया है लेकिन नजदीक जाकर देखने पर पानी में एक व्यक्ति का सिर नजर आया। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर गोताखोर मौके पर पहुंचे और शव को निकालने की कोशिश की लेकिन सफलता न मिलने पर एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया।
सुभाष मंडी चौकी प्रभारी मलकीत सिंह ने बताया कि शव की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, क्योंकि मृतक ने कपड़े पहने हुए थे और उसकी अनुमानित उम्र करीब 40 वर्ष है। सरोवर के किनारे से मृतक की चप्पल, परना और चादर बरामद हुई है। शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल की मॉर्चरी में रखा गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और शव की पहचान के लिए स्थानीय स्तर पर लोगों से संपर्क किया जा रहा है।