कुरुक्षेत्र। घर से स्कूल के लिए निकले दो छात्र आर्यन और तुषार नहर पर पहुंच गए। तैरना आने का दावा करते हुए 13 वर्षीय आर्यन ने सिरसा-नरवाना भाखड़ा नहर में छलांग लगा दी। थोड़ी देर में वह डूबने लगा। उसने शोर मचाना शुरू किया। दोस्त को डूबता देख किनारे पर खड़े तुषार ने भी शोर मचाया परंतु वहां मदद के लिए कोई उपलब्ध नहीं था।
तुषार ने एक राहगीर की मदद से 112 पर फोन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोर प्रगट सिंह को बुलाकर नहर में तलाशी अभियान चलाया, परंतु देर रात तक आर्यन का कोई सुराग नहीं लगा। भाखड़ा में कुरुक्षेत्र की तरफ भी गोताखोर की टीमें आर्यन की तलाश कर रही हैं।
शाहाबाद रेलवे रोड निवासी सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले तुषार ने बताया कि वह माजरी मोहल्ला निवासी नौवीं कक्षा के छात्र आर्यन डीएवी स्कूल में पढ़ते हैं। सुबह दोनों स्कूल के लिए घर से निकले परंतु स्कूल न जाकर घूमने के लिए नहर का रुख कर लिया। दोनों बस से झांसा पहुंचे। वहां से ऑटो में लिफ्ट लेकर नहर पर पहुंच गए। वहां दोनों छोटे रजवाहे में नहाने लगे। पानी कम होने पर आर्यन व तुषार कुछ दूर आगे सिरसा-नरवाना भाखड़ा ब्रांच पहुंच गए।
वहां तुषार ने नहर के तेज बहाव को देखकर नहाने से मना कर दिया, जबकि आर्यन ने कहा, उसे तैरना आता है और उसने नहर में छलांग लगा दी और कुछ देर तैरने के बाद उसके हाथ पांव फूल गए और नहर में डूब गया।
तुषार का कहना है कि अगर तैराना आता तो उसे नहर में कूदकर भी बचा लेता। झांसा थाने के प्रभारी गुलाब सिंह ने बताया कि गोताखोर प्रगट सिंह और पुलिस की टीम आर्यन की तलाश कर रही है।