कुरुक्षेत्र। 50 साल पुरानी मथाना मार्केट में अब पेयजल की समस्या के पुख्ता समाधान के लिए करीब 55 लाख का बजट खर्च किया जाएगा। जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से मार्केट में नई पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है। पाइपलाइन सभी दुकानों और प्रतिष्ठानों के आगे से गुजरेंगी। दुकानदारों के साथ गांववासियों की वर्षों पुरानी मांग थी। जलयोद्धा के रूप में कार्य करते हुए मथाना वासी मांगेराम ने सरपंच अंजना देवी के पति रवि टिंका के माध्यम से करीब छह माह पहले मुख्यमंत्री नायब सैनी के जनसंवाद कार्यक्रम में इस समस्या को मांगपत्र के रूप में रखा था।
इसके बाद मुख्यमंत्री जनसंवाद कार्यालय टीम की ओर से जनस्वास्थ्य विभाग को पानी की व्यवस्था के लिए बजट बनाने के निर्देश दिए गए।
मथाना में बिछाई जाएगी डक्टाइल आयरन पाइप : विनोद
जनस्वास्थ्य विभाग की लाडवा शाखा के एसडीओ विनोद ने बताया कि मथाना मार्केट के साथ लगते करीब ढाई किलोमीटर एरिया में नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसमें गांव की कुछ गलियां भी शामिल हैं। यह डक्टाइल आयरन (डीआई) क्वालिटी के पाइप होंगे, जोकि कास्ट और मैग्नीशियम के प्रयोग से अधिक मजबूत बनाए गए हैं। यह लचीले और जंगरोधक होने के कारण लंबी अवधि तक खराब नहीं होंगे। लगभग 55 लाख रुपये का बजट खर्च किया जाएगा।
कई गांव जुड़े मार्केट से, पेयजल जरूरी था : रवि टिंका
सरपंच अंजना देवी के पति रवि टिंका ने कहा कि मथाना की मार्केट से करीब कई गांव जुड़े हैं। इन गांवों के सैकड़ों लोगों का बाजार में रोजाना खरीदारी के लिए आना-जाना लगा रहता है। हरियाणा रोडवेज की ओर से निर्मित बस स्टॉप भी गांव के अड्डे पर हैं, जहां विद्यार्थियों के साथ आमजन की आमतौर पर भीड़ रहती है। ऐसे में पेयजल की किल्लत का समाधान जरूरी था।
जनसंवाद के माध्यम से हुआ समाधान : मांगेराम
ग्रामीण मांगेराम ने कहा कि गांव मथाना की मार्केट में लोगों को खासकर गर्मी के मौसम में पानी के लिए भटकना पड़ता था। कुछ ही स्थानों पर टूंटियां लगी थीं जिससे पानी लेने के लिए लोगों को दूर जाना पड़ता था। अब नई पाइपलाइन बिछने से पूरी मार्केट के साथ आमजन की समस्या भी समाप्त हो जाएगी। जनसंवाद कार्यालय के तहत जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से पाइपलाइन बिछाने संबंधी कार्य पर खर्च होने वाले बजट का पत्र भी उनके पास पहुंच गया है।
कुरुक्षेत्र। रवि टिंका।
कुरुक्षेत्र। रवि टिंका।
कुरुक्षेत्र। रवि टिंका।