कुरुक्षेत्र। लाडवा में शराब ठेके पर हुई फायरिंग की घटना को एक माह बीतने को है लेकिन तीसरा आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। इस मामले में पुलिस ने मुठभेड़ में एक आरोपी को ढेर कर दिया था। दूसरा 50 हजार के इनामी आरोपी अमन कुमार को मुठभेड़ में घायल होने के बाद शुक्रवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने पर गिरफ्तार किया गया है।
14 सितंबर की रात को पुलिस को सूचना मिली थी कि बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश युवकों ने लाडवा के एक शराब ठेके पर कई राउंड फायरिंग की और भाग गए। इसके बाद पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया, पुलिस टीम ने घटनास्थल का दौरा किया और जांच तेज की।
19 सितंबर की शाम को गुप्त सूचना के आधार पर अपराध शाखा-एक की टीम ने लाडवा के सोंटी गांव के पास एक मुठभेड़ में जैनपुर जाटान गांव के रहने वाले आरोपी अमन कुमार को काबू किया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अमन के पैर में गोली लगी जिसके बाद उसे कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके कब्जे से एक देसी पिस्तौल बरामद हुई। टीम ने अमन कुमार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में थाना लाडवा में मामला दर्ज था और अमन पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
तीसरे आरोपी की तलाश जारी
पुलिस अब तक तीसरे आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के मुताबिक इस मामले में जांच जारी है और पुलिस अन्य साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है ताकि घटना के सभी पहलुओं का खुलासा हो सके।