कुरुक्षेत्र। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से आज शनिवार को पाकिस्तान की धार्मिक यात्रा के लिए जत्था रवाना होगा। इसमें करीब 70 श्रद्धालु शामिल होंगे। कमेटी द्वारा महाराजा रणजीत सिंह की बरसी पर पाकिस्तान धार्मिक यात्रा पर संगत का यह जत्था रवाना किया जा रहा है। कमेटी प्रधान जत्थेदार जगदीश सिंह झीडा और सदस्य इसे रवाना करेंगे। बता दें कि कमेटी की ओर एक जत्था गुरु अर्जन देव के शहीदी दिवस पर नौ जून को रवाना किया गया था, जो अपनी धार्मिक यात्रा पूरी नहीं कर पाया था। 90 श्रद्धालुओं का यह जत्था अटारी बॉर्डर से ही दस्तावेजों की कमी के चलते बैरंग लौटा दिया गया था। यह जत्था अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर आज शनिवार को ही पाकिस्तान से यहां वापस पहुंचना था।
जत्थे के लौटने पर मामला भी गरमा गया था। हरियाणा कमेटी ने इसमें सरकारी अधिकारियों द्वारा बरती गई लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया था वहीं जांच के लिए कमेटी भी बनाई थी। अब फिर भेजे जा रहे जत्थे को लेकर दस्तावेज को शुक्रवार को भी पुख्ता किया जाता रहा ताकि इस बार पहले जैसी स्थिति का सामना न करना पड़े। प्रधान जगदीश सिंह झींडा का कहना है कि अब किसी प्रकार की अड़चन नहीं होगी।