कुरुक्षेत्र। पैनोरमा एवं विज्ञान केंद्र में आयोजित समर कैंप में भाग लेते बच्चें। आर्काइव
कुरुक्षेत्र। पैनोरमा एवं विज्ञान केंद्र में ग्रीष्मावकाश के दौरान विद्यार्थियों के लिए आठ से 12 जून तक ग्रीष्मकालीन समर कैंप का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद, संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार की ओर से आयोजित इस शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और नवाचार की भावना विकसित करना है। शिविर प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चलेगा।
केंद्र प्रमुख डॉ. सुरेश कुमार सोनी का कहना है कि पहली से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए छह अलग-अलग श्रेणियों में गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। पहली से तीसरी कक्षा के बच्चों के लिए रचनात्मक कला, तीसरी से छठी कक्षा के लिए प्रकृति को जानिए, सातवीं और आठवीं कक्षा के लिए वैज्ञानिक खिलौना बनाना तथा बुनियादी खगोल विज्ञान से जुड़ी कार्यशालाएं आयोजित होंगी। उन्होंने बताया कि नौवीं और दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए रसायन विज्ञान को समझना शिविर लगाया जाएगा, जिसमें विभिन्न रोचक प्रयोगों के माध्यम से रासायनिक अभिक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी। वहीं नौवीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स के चमत्कार शिविर आयोजित होगा, जिसमें सर्किट डिजाइनिंग, एलईडी डिवाइस और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार दास ने बताया कि शिविर में विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि मॉडल निर्माण और प्रयोग के माध्यम से विज्ञान को समझने का अवसर मिलेगा। प्रतिभागियों को अध्ययन सामग्री और सहभागिता प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाएंगे। इच्छुक विद्यार्थी क्यूआर कोड या गूगल फार्म के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं।