कुरुक्षेत्र/शाहाबाद। मदनपुर गांव में रविवार दिनदहाड़े करीब ढाई बजे कार सवार युवकों ने दुकान पर बैठे युवक हर्षदीप पर गोली चला दी, जिसमें वह बाल-बाल बच गया। इस वारदात से दहशत फैल गई जबकि ग्रामीणों ने दो आरोपियों को पकड़ लिया और उन्हें पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने बाद में शिकायत के आधार पर आठ आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान रिषभ कटारिया और गर्व के रूप में हुई है। पुलिस ने देसी कट्टे व गोली के खोल को कब्जे में ले लिया है। वहीं पुलिस को दी शिकायत में हर्षदीप ने बताया कि रविवार को वह सुबह 10 बजे देवी मंदिर में लगे रक्तदान शिविर में रक्तदान करके वापस लौट रहा था। रास्ते में लाडवा रोड पर रामप्रसाद स्कूल के सामने रिषभ कटारिया, गर्व व एक अन्य युवक ने उसका रास्ता रोक लिया। हर्षदीप ने बताया कि इन तीनों से उसकी बहस हो गयी और शोर सुनकर लोग एकत्रित हुए तो वे तीनों वहां से फरार हो गए। इसके बाद दोपहर को वह अपनी दुकान पर मौजूद था कि इसी बीच वहां एक आल्टो कार आकर रुकी, जिसमें रिषभ कटारिया, गर्व, संदीप और दो अन्य युवक हथियारों से लैस सवार थे। उन्होंने उस पर गोली चला दी, जिसमें वह बच गया। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए तो आरोपी भागने लगे तभी लोगों ने रिषभ और गर्व को पकड़ लिया जबकि बाकी फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ललित सिंह ने बताया कि अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।