कुरुक्षेत्र। हरियाणा के एकमात्र शक्तिपीठ श्री देवीकूप भद्रकाली मंदिर में मां को 51 फुट लंबी राखी समर्पित की गई। रक्षा बंधन के पर्व पर मंदिर परिसर को फूलों से सजाया गया था। रक्षाबंधन के पर्व पर मां भद्रकाली के चांदी चरण प्रतिरूप को भवन से बाहर स्थापित किया गया। श्रद्धालुओं ने मां को रक्षा सूत्र बांधकर परिवार की रक्षा की कामना की।
पीठाध्यक्ष पंडित सतपाल शर्मा ने बताया कि 51 फुट की यह राखी 52 शक्तिपीठों के नाम को दर्शाती है। इस राखी पर शक्तिपीठ हिंगलाज, ज्वाला जी, अंबा जी, कामाख्या देवी समेत सभी शक्तिपीठ के नाम शामिल किए गए। इसकी डोरियों की लंबाई 23-23 फुट है। इससे पहले सर्वप्रथम सुबह 10 बजे मंदिर में महिला मंडल द्वारा संकीर्तन शुरू किया गया।
उन्होंने बताया कि मां के त्रिशूल के साथ-साथ प्राण दायक पीपल व नीम को भी राखी बांधी गई। सभी ने एक स्वर में पेड़ों की रक्षा का वचन दिया। मंदिर में रक्षाबंधन के गीत गाए गए। उधर, रोटरी क्लब कुरुक्षेत्र व जन सहयोग टीम की सहायता से मंदिर में रक्तदान शिविर लगाया गया। इसमें 35 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
मंदिर में 26 अगस्त को रात नौ से 12 बजे श्री कृष्ण जन्माष्टमी का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। मंदिर में देवेंद्र गर्ग हाबड़ी, जीवन मौदगिल, रामपाल लाठर, संजय गोयल, दिनेश कंसल, सुरेंद्र शर्मा, आशीष, राकेश, विकास बंसल समेत कई श्रद्धालु मौजूद रहे।