विश्वविद्यालय में शिक्षक संघ चुनाव आज
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी शिक्षक संघ (कुटा) के प्रधान पद के लिए आज चुनाव होंगे। इस चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए डॉ. संजीव शर्मा और डॉ. प्रदीप चौहान के बीच सीधा मुकाबला है। दोनों प्रत्याशियों ने देर रात जनसंपर्क कर विश्वविद्यालय के शिक्षकों से अपने-अपने पक्ष में मतदान की अपील की। वहीं, सेल्फ फाइनेंस कोर्सों के 92 शिक्षकों ने कुटा चुनाव का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।
विश्वविद्यालय शिक्षक संघ चुनाव से एक दिन पहले ही स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों (सेल्फ फायनेंस कोर्सों) के 92 शिक्षकों ने वीरवार को यूआईईटी में एक बैठक की। इस बैठक में यूआईईटी के सहायक प्रोफेसर डॉ. अजय जांगड़ा, डॉ. कर्मवीर, डॉ. मधुदीप सिंह, डॉ. राजेश शर्मा, डॉ. कामरा संधू, डॉ. सुरेंद्र वर्मा और डॉ. संजीव प्रमुख रूप से मौजूद रहे। बैठक में इन शिक्षकों ने राय रखी की कुटा में एसएफएस शिक्षकों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। जिससे वो लोग मतदान में शामिल नहीं होंगे।
वहीं, चुनाव अधिकारी कृष्ण पांडे ने बताया कि कुटा इलेक्शन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। शुक्रवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के 387 शिक्षक कुटा प्रधान पद के लिए मतदान करेंगे। कुरुक्षेत्र यनिवर्सिटी शिक्षक संघ कार्यालय में ही मतदान केंद्र बनाया गया है। मतदान की प्रक्रिया सुबह 9 बजे शुरू होगी और दोपहर 3 बजे तक चलेगी। शाम 5 बजे तक मतगणना पूरी कर कुटा प्रधान का ऐलान कर दिया जाएगा। उधर, कुटा की चौधर के लिए इंस्टीट्यूट ऑफ इंटीग्रेटिड एंड ऑनर्स स्टडीज (यूनिवर्सिटी कॉलेज) के एसोसिएट प्रोफेसर डा. प्रदीप चौहान और लाईब्रेरी साइंस विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डा. संजीव शर्मा ने वीरवार को अंतिम दिन भी शिक्षकों की विभिन्न मांगें पूरी कराने के दावों के साथ वोटर्स को अपने पक्ष में करने के लिए देर शाम तक एड़ी-चोटी का जोर लगाया।