शाहाबाद। दुकानों पर बिक रही मिलावटी मिठाई एवं अन्य खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता जांचने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को मिष्ठान भंडार और करियाणा की दुकानों पर छापा मारकर सैंपल लिए। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति बन गई। कई दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें बंद कर खिसक लिए।
टीम का नेतृत्व कर रहे डॉ. राजेंद्र सिंह ने कहा कि जिला स्वास्थ्य अधिकारी के पास मिलावट को लेकर कई शिकायतें पहुंची थीं। इसके बाद उनके निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि लाडवा रोड पर एक नामी स्वामी हाउस सहित मिठाई एवं अन्य दुकानों पर छापामारी की गई है। टीम के सदस्यों ने मिठाई व करियाणा की दुकानों से दर्जनों सैंपल लिए। इन सैंपल को जांच के लिए भेजा जाएगा और यदि जांच रिपोर्ट में कोई दिक्कत पाई जाती है तो उसके आधार पर संबंधित दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप की स्थिति नजर आई। कई दुकानदारों को टीम के आने की भनक लगी तो उन्होंने अपनी दुकान के शटर गिरा दिए और वहां से नौ दो ग्यारह हो गए। छापा मारने पहुंची टीम में डॉ. राजेन्द्र, संजीव, अमित एवं रति राम आदि शामिल रहे।