पिहोवा के छोरे ने ऑस्ट्रेलिया में बॉडी बिल्डिंग में जीता गोल्ड
अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा। ऑस्ट्रेलिया के मेलबोर्न में आयोजित बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिताो में पिहोवा के नीतीश शर्मा ने पहला स्थान प्राप्त किया है। गत शनिवार को मेलबोर्न में डब्ल्यूएफएफ कहमा क्लासिक की ओर से आयोजित जूनियर स्पोर्ट्स मॉडल कैटगरी में नीतीश शर्मा ने पहला स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में अमेरिका, चीन, जापान सहित कई देशोें के 70 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। नीतीश ने उन सब को पछाड़ते हुए प्रतियोगिता में गोल्ड जीता। नीतीश को गोल्ड मिलने से घर में जश्न का माहौल है। अमर उजाला से विशेष बातचीत करते हुए नीतीश के पिता पुष्पराज शर्मा ने बताया कि नीतीश पिछले तीन साल से ऑस्ट्रेलिया में ही है। बचपन से ही बॉडी बिल्डिंग की तरफ उसका झुकाव था। बॉडी बिल्डिंग में वर्ल्ड चैंपियन जितेंद्र ढिल्लों से प्रभावित होकर उसने जिम में प्रैक्टिश शुरू की और वह नीतीश के कोच भी हैं।
डाइट में सिर्फ शाकाहार खाना
मां बिमला शर्मा ने बताया कि नीतीश की डाइट में सिर्फ शाकाहारी खाना है। उसकी डाइट में सेब, पपीता, चपाती, चावल, दो कटोरी दाल, दूध, जूस, सलाद व फल शामिल है। नीतीश ने कभी मांस व अंडे का सेवन नहीं किया।
जिम में खूब बहाया पसीना
नीतीश के कोच वर्ल्ड चैंपियन जितेंद्र ढिल्लों ने बताया कि नीतीश की कामयाबी उनकी कामयाबी है। उन्हें बहुत खुशी है नोनी ने गोल्ड जीतकर उनका व उनके जिम का नाम रोशन किया है। नीतीश जिम में घंटों पसीना बहाता था।