अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
जीएसटी लगने के बाद कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में छात्रों का खाना महंगा हो गया है। इसके विरोध में बुधवार को छात्र सड़कों पर उतर आए और वीसी कार्यालय पर जमकर प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। कुसा के नेतृत्व में किए गए प्रदर्शन की अध्यक्षता कुसा अध्यक्ष विकास बलाही ने की जबकि भारी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल रही।
बलाही ने कहा कि जीएसटी लागू होने के बाद ठेकेदारों ने मेस में खाने पर 18 फीसदी जीएसटी वसूलना शुरू कर दिया है जबकि सब्जी, दूध व दही आदि पर टैक्स नहीं है। इस मनमानी के विरोध में छात्र-छात्राओं में रोष बन रहा है, जिसके चलते ही वे सड़कों पर उतरने को मजबूर हुए। ये छात्र सुबह ही वीसी कार्यालय पर एकत्रित हुए और जोरदार प्रदर्शन किया, जिसके बाद मौके पर मुख्य सुरक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने आश्वासन दिया कि वीसी से मुलाकात कर जल्द ही इस समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा, जिसके उपरांत ही प्रदर्शनकारी छात्र शांत हुए, लेकिन उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द ही ये कर नहीं हटाए गए तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।