अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। एक व्यक्ति द्वारा कूड़ा उठाने वाली महिला के प्रेम प्रसंग में पड़कर अपनी पत्नी को भूखा रखने और गर्म चिमटों से पीटने तथा महिला द्वारा घर से आभूषण भी चुरा लिए जाने का मामला सामने आया है। अब पीड़ित महिला ने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित महिला ने सीएम विंडो पर शिकायत दी है। जिसमें आरोप लगाया है कि उनके घर गांव से ही एक विवाहित महिला कूड़ा-कर्कट उठाने आती थी। उसने उसके पति को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया, जिसके चलते उसका पति इसी महिला के साथ रहने लगा है। महिला ने आरोप लगाए कि इसी प्रेम प्रसंग के चलते ही उसका पति उसे जहां भूखी प्यासी रखने लगा तो वहीं बेल्ट व गर्म चिमटों से भी पीटता। यही नहीं आरोपी महिला उसके घर से सोने के आभूषण भी चुरा ले गई। उन्होंने बताया कि उसके पास दो बच्चे है, लेकिन एक महिला के चलते उनका परिवार खराब हो गया है। महिला ने अपने पति व आरोपी महिला के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।