शातिर ठग ने एक महिला को इनाम का लालच देकर ऑनलाइन 86 हजार 152 रुपये ठग लिए। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। सेक्टर-2 वासी हिमानी ने सदर थाना थानेसर में दर्ज शिकायत में कहा कि वह पिछले कुछ समय से एक ऑनलाइन साइट से अपनी जरूरत का मनियारी का सामान मंगवा रही थी। सामान अच्छी क्वालिटी का होने के कारण वह इस साइट से कई बार सामान मंगवा चुकी है। दो महीने पहले एक व्यक्ति का फोन आया और उसने कहा कि कि उसने ऑनलाइन साइट से काफी खरीदारी की है, इसलिए उसका इनाम निकला है। आरोपी ने उसे अपनी बातों में उलझा लिया और उससे उस साइट पर छह हजार रुपये खरीदारी करने की मांग की। उसने 6305 रुपये की खरीदारी की और स्क्रीन शॉट आरोपी के व्हाट्सएप नंबर पर भेज दिया। तब आरोपी ने फोन पर बताया कि उसका इनाम सेलेक्ट हो गया है और इनाम घर पहुंच जाएगा। इस एवज में आरोपी ने उससे 12 हजार 100 रुपये पेटीएम करा लिए थे। उसके बाद आरोपी ने उसे कहा कि उनका सिस्टम इतनी छोटी रकम वापस नहीं कर पा रहा है और उसने उससे दोबारा 12 हजार 100 रुपये पेटीएम करा लिए थे। तब भी आरोपी ने उसे बैंक में कुछ तकनीकी कारणों से इतनी छोटी रकम वे लोग ट्रांसफर नहीं कर पाएंगे। उसे कुछ दिन का समय लगेगा। यदि वह रिफंड चाहते हैं तो उसे 34 हजार रुपये और पेटीएम करने होंगे। ऐसा कहकर आरोपी ने पहले उससे 34 हजार रुपये, फिर 15 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। इस तरह आरोपी ने उससे 86 हजार 152 रुपये ट्रांसफर करा लिए थे। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।