कुरुक्षेत्र। जिले की अनाज मंडियों में धान की खरीद व उठान जारी है। रविवार देर शाम तक सभी 22 अनाज मंडियों में आठ लाख 46 हजार 668 एमटी धान खरीदा जा चुका, जिसमें से 96 फीसदी आठ लाख 11 हजार 827 एमटी धान का उठान हो चुका है। रविवार को 16109 एमटी धान खरीदा गया जबकि उठान महज दो फीसदी 595 एमटी हुआ।
अभी तक 1950 करोड़ 91 लाख 83 हजार 753 रुपये का भुगतान किसानों को किया जा चुका है, जो कुल खरीद का 98 फीसदी है। 29 सितंबर से शुरू हुए धान खरीद सीजन का समापन 17 नवंबर को होगा। अभी तक अधिकतर धान की आवक हो चुकी है। जिले में इस बार एक लाख 20 हजार हेक्टेयर में धान की रोपाई की हुई थी, जिसमें से करीब 20 हजार हेक्टेयर में बासमती किस्म का धान रहा तो वहीं बाकी पीआर किस्म के धान की रोपाई की गई, इसमें से 95 फीसदी से अधिक की कटाई हो चुकी है जबकि अधिकतर धान अनाज मंडियों में पहुंच चुका है। अब महज कुछ एमटी धान ही मंडियों में पहुंच रहा है जबकि उठान भी अधिकतर किया जा चुका है।
अब बासमती धान की आवक शुरू होगी
डीएफएससी नरेश कुमार का कहना है कि इसी सप्ताह ही पीआर किस्म के धान की आवक लगभग पूरी हो जाएगी लेकिन सरकार के निर्देशानुसार खरीद 15 नवंबर तक जारी रखी जाएगी। भुगतान भी खरीद के साथ ही तय समय पर किया जा रहा है। इस समय किसानों को कोई परेशानी अनाज मंडियों में नहीं है।