कुरुक्षेत्र। जिले में आवारा कुत्तों के काटने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। अगस्त से नवंबर तक चार महीनों में जिलेभर में 825 लोग कुत्तों का शिकार बने। इनमें 432 मरीज एलएनजेपी अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे। नवंबर में अब तक जिले में 156 और एलएनजेपी अस्पताल में 109 मामले सामने आ चुके हैं। वीरवार को भी एक कुत्ते ने चार लोगों को काट लिया, जिनमें दो को उपचार के लिए एलएनजेपी अस्पताल पहुंचना पड़ा। झांसा रोड पर हुई इस घटना से आसपास के क्षेत्र में दहशत फैल गई। आवारा कुत्तों का आतंक अब रिहायशी और पॉश कॉलोनियों तक पहुंच गया है। पीड़ितों ने नगर परिषद में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, नगर परिषद का दावा है कि शिकायत मिलने पर कुत्तों को रेस्क्यू किया जाता है। रामगढ़ गांव में संचालित डॉग शेल्टर में 100 से अधिक कुत्ते रखे गए हैं। इसके बावजूद स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
आरएमओ डॉ. बलराज का कहना है कि इमरजेंसी में कुत्ते के काटने के मरीज लगातार आते रहते हैं। कभी-कभी प्रतिदिन 10 से 15, तो कभी 5 से 10 मरीज पहुंच जाते हैं। उनकी प्राथमिकता सबसे पहले मरीजों का उपचार करने की रहती है। मरीजों को दर्द से राहत और रेबीज से बचाव के लिए एंटी डोज दी जाती है। अस्पताल में दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
नगर परिषद ईओ राजेश कुमार का कहना है कि झांसा रोड का मामला संज्ञान में नहीं आया है। इस कुत्ते को भी जल्द रेस्क्यू करवा लिया जाएगा। इसी समस्या से लोगों को निजात दिलाने के लिए रामगढ़ गांव के पास शेल्टर बनाया गया है।
चार महीनों का आंकड़ा
महीना
जिले में मामले
एलएनजेपी इमरजेंसी
अगस्त
232
116
सितंबर
194
100
अक्टूबर
243
107
नवंबर (अब तक)
156
109
कुल
825
432