नया इतिहास रचेगी जींद रैली : सैनी
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
लाडवा विधायक डॉ. पवन सैनी ने कहा कि जींद में होने वाली राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शाह की रैली नया इतिहास रचते हुए अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ देगी। विधायक रविवार को पिपली और बाबैन में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस रैली के लिए कार्यकर्ताओं में जोश है और उन्होंने इस रैली में पूरी ताकत झोंक दी है।
डॉक्टर पवन सैनी ने कहा कि प्रदेश की सभी 90 विधानसभा सीटों पर कमल उगाने का काम भाजपा कर रही है। आने वाले चुनाव में प्रदेश की इन सभी सीटों पर भाजपा जीतेगी। सैनी ने इनेलो पर कड़ा निशाना साधते हुए कहा कि कि प्रदेश से इनेलो का जनाधार खिसक चुका है। इसलिए बौखलाहट में आए अभय चौटाला अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। इनेलो के कार्यकाल में प्रदेश में हुई लूट, डकैती, भ्रष्टाचार को प्रदेश की जनता भूल नहीं सकती। विधायक ने अभय सिंह चौटाला को नसीहत दी कि काले गुब्बारे बाद में उड़ाएं। पहले प्रदेश में इनेलो की जो चौधर उड़ चुकी है, उसको बचा लें। सैनी ने कहा कि इनेलो ने हमेशा ही प्रदेश में दोगली राजनीति की है। एक ओर इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला पंजाब से पानी लाने की बात करते हैं। दूसरी ओर पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से मिलकर हरियाणा को पानी न देने की बात करते हैं। प्रदेश की जनता को इस बात का पता है कि चौटाला परिवार और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल परिवार में संबंध है।