श्रीजाहरवीर गोगा माड़ी में गांवों के लोगों ने भी परिवार सहित पूजा अर्चना की
फोटो 25 से 27
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। श्रीजाहरवीर गोगा माड़ी भवन निर्माण समिति के तत्वावधान में लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल के पीछे स्थित श्रीजाहरवीर गोगा माड़ी में शनिवार को वार्षिक छड़ियों का मेला और भंडारे का आयोजन किया गया। मेले में कुरुक्षेत्र-थानेसर शहर के निवासियों के अलावा आसपास के गांवों के लोगों ने भी परिवार सहित पूजा अर्चना की।
सुबह समिति के अध्यक्ष यशेंद्र शर्मा, भक्त राजकुमार वालिया, अर्जुन वालिया व अन्य पदाधिकारियों ने हवन में आहुतियां दीं और इसके बाद विधायक सुभाष सुधा ने बतौर मुख्य अतिथि चादर समारोह में शिरकत की। इस दौरान भक्त मोहनलाल गुरुजी (बिशनगढ़ वाले) व भक्त राममूर्ति ने भी भक्तों को आशीर्वाद दिया। बैंड बाजों व ढोल की थाप पर थिरकते हुए श्रद्धालु माड़ी पर गुरुजी के साथ पहुंचे। इसके अतिरिक्त जिला बार एसोसिएशन के प्रधान मनोज वशिष्ठ, मां भद्रकाली सेवक मंडल के प्रधान नरेंद्र वालिया, अधिवक्ता राजेंद्र वर्मा, आदित्य शर्मा, धीरज अत्री, ऋषभ शर्मा , प्रदीप चौधरी, और गुरुदेव सिंह ने भी शिरकत की। दोपहर को भंडारे में सेवा करते हुए लोगों ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया। सायं 5 बजे माड़ी परिसर में कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। इसमें दूर-दूर से आए पहलवानों ने अपने दांवपेच लड़ाए। विजेता पहलवानों को नकद इनाम देकर सम्मानित किया गया। सायंकालीन आरती में इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने विशेष रूप से शिरकत की। रात्रि को गोगा जी का विशाल जागरण हुआ। इसमें समैयों ने डेरू बजाकर गोगा जी की महिमा का बखान किया । श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उचित प्रबंध किए गए । पूरे गोगा माड़ी भवन को रंग-बिरंगी रोशनी एवं फूलों की लड़ियों से सजाया गया । इस मौके पर अश्वनी भारद्वाज, सुंदर वालिया, पार्षद नितिन भारद्वाज लाली, अनिरूद्व शर्मा हन्नी, अमित शर्मा रॉकी, अनिल सहगल, श्याम लाल शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, धर्मवीर, हेमंत यादव, विनोद शर्मा, नीलकंठ, प्रवीण गुप्ता, प्रेमचंद शर्मा व शिव कुमार गुप्ता मौजूद रहे।