अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद।
जीटी रोड पर गांव त्यौड़ा के समीप मंगलवार तड़के 5 बजे बोलेरो गाड़ी अज्ञात वाहन से टकराकर सड़क किनारे गहरे गड्ढों में पलट गई। इससे गाड़ी में सवार 13 लोग घायल हो गए। ये लोग चंडीगढ़ से सोनीपत जा रहे थे। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाया गया, लेकिन गंभीर रूप से घायल 8 लोगों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी है।
दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी में सभी यात्री बिहार के थे और मौजूदा समय में चंडीगढ़ की गली नंबर 5 में रह रहे हैं। मंगलवार को सुबह साढे़ 3 बजे यह सभी कबाड़ के ठेके के लिए सोनीपत के लिए रवाना हुए थे। तड़के 5 बजे जब इनकी गाड़ी शाहाबाद से 4 किलोमीटर दूर त्यौड़ा थेह पर पहुंची तो अज्ञात वाहन ने गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। इससे बोलेरो असंतुलित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढों में पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही हेल्पर्स व ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने घायलों को गाड़ी से बाहर निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया। बोलेरो को टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक गाड़ी लेकर वहां से फरार हो गया।
-------------------
ये हुए घायल
घायलों में बच्चन, अजय कुमार, सूरज कुमार, जुल्हा कुमार, रवि रंजन, बादल, सारल राम, धीरेंद्र कुमार, दीन बंधु, ओपंद्र मिश्रा, सन्नी, रमेश कुमार, शौनक शामिल थे। इनमें से गंभीर रूप से घायल सारल राम, ओपेंद्र मिश्रा, सन्नी, बच्चन, अजय, जुल्हा राम, रवि रंजन व बादल को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शिकायत दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है। 8 घायलों को पीजीआई छोड़ने के लिए 5 एंबुलेंस सामुदायिक केंद्र से चंडीगढ़ रवाना हुई। हेल्पर्स के प्रधान तिलक राज अग्रवाल ने बताया कि इनमें से 2 एंबुलेंस हेल्पर्स की और 3 सरकारी एंबुलेंस थी।
------------------
हेल्पर्स की रही विशेष भूमिका
घायलों को घटनास्थल से सामुदायिक केंद्र में पहुंचाने में हेल्पर्स की टीम ने विशेष भूमिका अदा की। इस टीम ने जहां घायलों को अस्पताल पहुंचाया वहीं टीम सदस्य राहत कार्य में भी जुटे रहे। घायलों के लिए जलपान की व्यवस्था के अलावा उनके घर पर भी हादसे की सूचना दी। हेल्पर्स के प्रधान तिलक राज अग्रवाल, इंद्रलाल बत्तरा, सीता राम, नरेश कुमार, पूर्ण सिंह सहित हेल्पर्स के अन्य सदस्य मौजूद रहे। घायलों की संख्या अधिक होने के कारण उपचार के लिए गद्दे जमीन पर बिछाने पड़े। हेल्पर्स की टीम ने गद्दे मुहैया करवाए और घायलों को वहां लेटाया गया।