कुरुक्षेत्र। ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब पातशाही छठी स्थित एचएसजीपीसी के मुख्यालय से जत्थेदार बलदेव सिंह खालसा के नेतृत्व में शनिवार को बस से एक जत्था पाकिस्तान के लिए रवाना हुआ। जत्थे को हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष महंत करमजीत सिंह सेवापंथी व अन्य सदस्यों ने हरी झंडी दिखाई। यह जत्था नौ अप्रैल को बाघा बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान जाएगा और डेरा बाबा नानक गुरुद्वारा श्री करतारपुर लाहौर गुरुद्वारा श्री पंजा साहिब और गुरुद्वारा श्री ननकाना साहिब के दर्शन कर बैसाखी पर्व मनाते हुए 18 अप्रैल को भारत लौटेगा।
एचएसजीएमसी के प्रधान करमजीत सिंह ने बताया कि इस जत्थे को हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी की ओर से विशेष बसों से बाघा बॉर्डर तक ले जाया जाएगा। जत्थे को श्री दरबार साहिब, श्री अमृतसर साहिब के दर्शन भी करवाए जाएंगे। जत्थे के लिए रात्रि विश्राम और लंगर की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने बताया कि यह जत्था नौ अप्रैल को बाघा बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान जाएगा।
कमेटी के महासचिव गुरविंदर सिंह धमीजा ने बताया कि बैसाखी पर्व मनाने के लिए प्रदेश से पाकिस्तान जाने के इच्छुक 94 लोगों के पासपोर्ट पाकिस्तान उच्चायोग को भेजे गए थे, जिनमें से 81 लोगों को वीजा मिला है। इस अवसर पर जूनियर उप प्रधान बाबा गुरमीत सिंह तिलोकेवाला, एचएसजीएमसी कार्यसमिति सदस्य बीबी रविंद्र कौर अजराना, मेंबर सुदर्शन सिंह सहगल, कवलजीत सिंह अजराना, तेजिंदर सिंह मक्कड़ सहित सिख संगत मौजूद रही।