हरियाणा में सिखों पर हो रही ज्यादतियां : प्रो. चंदूमाजरा
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। बंदी सिखों की रिहाई के लिए प्रयासरत रहे भाई गुरबख्श सिंह खालसा की मौत के बाद सिख समाज के शीर्ष नेताओं पर दर्ज किए मामले प्रमाणित करते हैं कि हरियाणा में सिखों के साथ आज भी ज्यादती जारी है। यह आरोप श्री आनंदपुर साहिब से सांसद प्रो. प्रेम सिंह चंदूमाजरा ने लगाए। उन्होंने कहा कि शिअद हरियाणा के सिखों के साथ यह ज्यादती बर्दाश्त नहीं करेगा। पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही सीएम मनोहर लाल से मिलकर दर्ज मामले को रद्द करवाने की मांग की जाएगी। प्रो. चंदूमाजरा सेक्टर-3 में हरियाणा सिख परिवार के प्रदेशाध्यक्ष कंवलजीत सिंह अजराना के निवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। पहुंचने पर कंवलजीत सिंह अजराना एवं शिअद महिला विंग हरियाणा की प्रदेशा अध्यक्ष बीबी रविंदर कौर सहित अन्य ने उनका स्वागत किया।
प्रो. चंदूमाजरा ने कहा कि भाई गुरबख्श सिंह खालसा कौम के लिए शहीद हुए हैं। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति कोर्ट द्वारा निर्धारित सजा पूरी कर लेता है, तो उसे रिहा करके समाज की मुख्य धारा में पुन: शामिल होने का अधिकार दिया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि पंजाब समेत देशभर में हालात सामान्य हो चुके हैं, इसलिए ब्लैक लिस्ट को खत्म किया जाना चाहिए।
हरियाणा में अपने बलबूते पर चुनाव लड़ने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में आजकल जात-पात का मुद्दा चरम पर है, जबकि पार्टी की सोच सभी को एक झंडे के नीचे एकत्रित करने की है। इस अवसर पर शिअद महिला विंग कोर कमेटी सदस्य बीबी करतार कौर, शिअद हरियाणा के प्रदेशध्यक्ष शरणजीत सिंह सौथा, बापू जरनैल सिंह, लखविंदर सिंह विर्क, सुरेंद्रपाल सिंह रामगढ़िया, जसबीर सिंह वडै़च, दिलबाग सिंह, हरविंदर सिंह चीमा तथा गुरवंदन कौर सहित अन्य मौजूद रहे।