सरकार ने सरपंचों की मांग पूरी नहीं की तो करूंगा आत्मदाह : विक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद । गांव बीबीपुर की सरपंच परमजीत के पति विक्रम सिंह ने लिखित में चेतावनी दी है कि अगर हरियाणा सरकार सरपंच एसोसिएशन की मांगों को पूरा नहीं करती है तो वह आत्मदाह कर लेंगे। आने वाले कुछ दिनों में वह आत्मदाह की तिथि व समय भी घोषित कर देंगे। इसके लिए पूरी तरह से सरकार जिम्मेदार होगी। एक पत्र पर लिखकर विक्रम सिंह ने मीडिया के समक्ष प्रदेश सरकार को यह चेतावनी दी है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार के खिलाफ इस लड़ाई में वह अपने प्राणों की आहुति देंने से पीछे नहीं हटेंगे। मांगें मनवा कर ही रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पंचायतों के काम में जान-बूझकर अड़ंगे डाल रही है, जबकि पंचायतों के पास कंप्यूटर आदि के लिए किसी तरह का फंड नहीं है और न ही कंप्यूटर आप्रेटर की व्यवस्था। उन्होंने कहा कि सरपंच अब गांव का विकास करवाएं या कंप्यूटर सीखें। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की यही नीति सरासर पंचायतों के खिलाफ जिसे किसी भी सूरत में मंजूर नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरपंच कई दिनों से धरने पर बैठे हैं। बीडीपीओ कार्यालयों पर ताले जड़े हैं, लेकिन ऐसी सूरत में भी सरकार के कानों पर जूं नहीं रेंग रही। इससे स्पष्ट है कि हरियाणा सरकार किसी बड़े आंदोलन की इंतजार कर रही है। उन्होंने कहा कि इस आंदोलन की शुरूआत वह अपने आत्मदाह सेे करेंगे। सरपंच साथियों को झुकने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि आत्मदाह का यह फैसला उन्होंने अपनी मर्जी से लिया है और अगर जल्द ही सरकार के अड़ियल रवैया में सुधार नहीं हुआ तो वह जल्द ही आत्मदाह करेंगे।