कुरुक्षेत्र। मोबाइल मेडिकल यूनिट को हरि झंडी देकर सांसद नवीन जिंदल ने किया था रवाना। विज्ञप्त
कुरुक्षेत्र। सांसद नवीन जिंदल की ओर से स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ और सुलभ बनाने के लिए आरंभ की गई मोबाइल मेडिकल यूनिट योजना का अब तक हजारों लोगों को लाभ मिल चुका है। पिछले वर्ष जुलाई माह में सांसद ने तीन अत्याधुनिक मोबाइल मेडिकल यूनिट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
इन यूनिट ने अब तक गांवों व शहरों के 1100 कैंप आयोजित कर 70 हजार लोगों की जांच की है। इन लोगों को परामर्श और दवाइयां देकर लाभान्वित किया गया है। 16 हजार लोगों के रक्त एवं यूरिन टेस्ट किए जा चुके हैं।
सांसद कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नवीन जिंदल फाउंडेशन की ओर से संचालित इन मोबाइल मेडिकल यूनिट ने ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में रहने वाले लोगों को लाभ पहुंचाया है। इन यूनिट में एमबीबीएस डॉक्टर की मौजूदगी में मरीजों की जांच की जाती है और उन्हें मौके पर ही उचित परामर्श दिया जाता है। साथ ही, रक्त एवं मूत्र की जांच कर तुरंत रिपोर्ट प्रदान की जाती है जिससे मरीजों को समय पर इलाज मिल सके।
मोबाइल मेडिकल यूनिट की ओर से निःशुल्क दवाइयां वितरित की जाती हैं और मरीजों को उनके स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के लिए डॉक्टरों की ओर से संतुलित आहार, दिनचर्या और रोगों से बचाव के टिप्स भी दिए जाते हैं।
धर्मवीर सिंह ने बताया कि सांसद का मानना है कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ राष्ट्र की नींव रखते हैं और जब हर नागरिक स्वस्थ होगा, तभी विकसित भारत का सपना साकार हो सकेगा।