शाहाबाद। भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने बड़े तहसीलदार के खिलाफ रजिस्ट्री कराने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। इस आरोप के साथ भाकियू कार्यकर्ता तहसील कार्यालय में धरने पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की। प्रेस प्रवक्ता राकेश बैंस ने कहा कि वह तहसील कार्यालय में अपने परिचित पाला राम की रजिस्ट्री कराने पहुंचे थे, जिसे लेकर बड़े तहसीलदार से मिले और रजिस्ट्री कराने की बात कही।
राकेश बैंस के अनुसार तहसीलदार ने गलत मंशा जाहिर की। इसपर उसने भाकियू कार्यकर्ताओं से संपर्क किया और तहसील कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। मामला तूल पकड़ता देख एसडीएम संयम गर्ग धरनास्थल पर पहुंचे और किसानों से बातचीत की। राकेश बैंस ने मामला एसडीएम के समक्ष रखा, जिसपर एसडीएम ने कहा कि वे लिखित में शिकायत दें, तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद बैंस ने लिखित शिकायत एसडीएम को सौंप दी।
वहीं, दूसरी तरफ तहसीलदार टीआर गौतम ने कहा कि उनपर लगाया गया आरोप पूरी तरह निराधार है। सच्चाई से इसका कोई वास्ता नहीं है। जो भी शिकायत कर रहा है, वह उनपर केवल दबाव बनाना चाहता है। रजिस्ट्री लिखवाई नहीं हुई थी। इसीलिए उन्होंने रजिस्ट्री लिखवा कर लाने के लिए कहा था। किसी भी सरकारी काम के लिए औपचारिकता पूरी करना लाजिमी है।