अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। ग्रुप डी की परीक्षा में उमड़े अभ्यर्थियों की भीड़ के चलते रेलवे का सिस्टम ‘हाईजैक’ रहा। रविवार को उमड़ी अभ्यर्थियों की भीड़ के आगे रोडवेज से लेकर रेलवे विभाग की व्यवस्थाएं ठप रहीं। दिन के साथ-साथ रात को भी जहां हजारों अभ्यर्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं ठंड के बावजूद उन्हें रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड व पार्कों में एक चादर में रात बितानी पड़ी।
रेलवे स्टेशन पर लगीं तीनों टिकट वेंडिंग मशीनें बंद रहीं। टिकट काउंटरों पर भी भीड़ के चलते अव्यवस्था का आलम रहा। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी बिना टिकट ही ट्रेनों में सवार हुए। परीक्षा छूटने के भय में अभ्यर्थी बसों की छतों व ट्रेनों की खिड़कियों पर लटक कर सफर करने को मजबूर रहे। हालांकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से हुई। कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा परीक्षा का सुचारु रूप से संचालन करने के लिए परीक्षा केंद्रों के आसपास 200 मीटर की परिधि में धारा 144 लागू की गई, जिसके चलते परीक्षा के दौरान किसी भी व्यक्ति को परीक्षा केंद्र की 200 मीटर की परिधि में किसी भी प्रकार का हथियार, मोबाईल फोन, वाई-फाई यंत्र ले जाने की अनुमति नहीं दी दी गई। इतना ही नहीं परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटो स्टेट की मशीनें भी बंद रखी गईं। वहीं परीक्षा के चलते केंद्रों के आसपास व पिपली-कुरुक्षेत्र रोड पर जाम के हालात बने रहे।
17522 अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
रविवार को दोनों सत्रों में 17522 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 28 हजार अभ्यर्थियों के लिए कुरुक्षेत्र में 46 व शाहाबाद में 5 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सुबह के सत्र में 8714 और शाम के सत्र में 8808 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठे।
एक ही कर्मी के जिम्मे वेंडिंग मशीनों की कमान, लगाए दो अलग टिकट काउंटर : गुप्ता
अभ्यर्थियों की भीड़ के चलते दो नए टिकट काउंटर लगाए गए। व्यवस्था को संभालने के लिए अन्य प्रबंध भी पूरे किए गए। ई-वेंडिंग मशीनें कॉन्ट्रेक्ट पर दी गई और तीनों मशीनों पर एक ही कर्मी तैनात किया हुआ है। उक्त कर्मी रात को भी ड्यूटी पर रहा। भीड़ ज्यादा होने के कारण मशीनों को सही रूप से नहीं चला पाया।
- एनएन गुप्ता, अधीक्षक, रेलवे स्टेशन
निजी काउंटरों का लिया सहारा
रेलवे स्टेशन की व्यवस्था छोटी पड़ी तो अभ्यर्थियों ने स्टेशन के बाहर निजी टिकट काउंटरों का सहारा लिया। हालांकि यहां भी उन्हें लंबी लाइनों में घंटों खड़े रहना पड़ा।
हालात संभालने के लिए जीआरपी ने अंबाला से भेजी फोर्स
रेलवे स्टेेशन पर हालात को संभालने के लिए स्थानीय पुलिस, जीआरपी थाना व आरपीएफ चौकी में तैनात पुलिस कर्मी रेलवे स्टेशन पर तैनात रहे। वहीं जीआरपी की अंबाला से भी फोर्स भेजी गई। इसके बावजूद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रेलवे लाइनों को क्रॉस करते व ट्रेनों के दोनों ओर खिड़कियों पर लटकते दिखे। टिकट लेने के लिए भी कई बार धक्कामुक्की तक की नौबत आई।
शांतिपूर्ण ढंग से निपटी परीक्षा : यादव
सभी परीक्षा केंद्रों पर शनिवार व रविवार को परीक्षा शांतिपूर्ण एवं नकल रहित संपन्न हुई। परीक्षा को लेकर पुख्ता प्रबंध किए गए थे।
- अनिल कुमार यादव, एसडीएम एवं परीक्षा नोडल अधिकारी।