अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। साहब, मेरे परिवार पर कुछ लोगों ने दो बार हमला किया है और अभी भी जान से मारने की धमकी दी जा रही है। ऐसे में मैं जोधपुर में फौज की अपनी ड्यूटी करूं या अपने परिजनों की सुरक्षा । यह सवाल गांव बारना वासी फौजी जसबीर सिंह ने डीएसपी जगदीश राय को किया तो वे कोई स्टीक जवाब नहीं दे पाए। फौजी के साथ आए सैंकड़ों अन्य ग्रामीणों ने भी हमलावरों पर कार्रवाई की मांग की तो डीएसपी ने आश्वासन दिया कि मामले की पूरी जांच की जाएगी और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। इस मामले की जांच वे खुद करेंगे और उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। फौजी जसबीर सिंह के अलावा गांव सरपंच शिव कुमार , ईश्वर, जितेंद्र, नरेंद्र , राहुल, जयपाल, वीरेंद्र सहित अन्य लोगों ने एसपी कार्यालय पर पहुंचकर रोष जताया तो इससे पहले वे विधायक सुभाष सुधा से भी मिले। जहां विधायक ने उन्हें आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का भरासो दिया तो वहीं इसके बाद वे एसपी कार्यालय पर पहुंचे, जहां एसपी के न होने के चलते वे शाहाबाद डीएसपी जगदीश राय से मिले। उन्होंने आरोप लगाते हुए बताया कि हमलावरों ने उनके परिवार पर पहले 22 अगस्त को और फिर 31 अगस्त को हमला किया गया। पहले किए हमले की शिकायत देने पर पुलिस अभी महज छह को ही काबू कर पाई है जबकि अन्य आरोपियों के हौंसले बुलंद है और वे अभी भी धमकी दे रहे है। इसके विपरित हमला करने के आरोपियों की शिकायत पर उनके परिवार के ही सात लोगों पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जसबीर सिंह ने बताया कि इसी के चलते उसे अपनी डयूटी से छुटटी लेकर आना पड़ा। डीएसपी ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ जल्द व कड़ी कार्रवाई की जाएगी।