दुर्गंध नगरी में तब्दील धर्म नगरी की सड़कें रोड शो से पहले बनाईं
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
धर्म नगरी से दुर्गंध नगरी में तब्दील हुए कुरुक्षेत्र की सड़कों की सफाई मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के रोड शो से एक दिन पहले शुरू हुई। शुक्रवार को शहर की सड़कों से कचरे को उठाने लिए नगर परिषद के डंपर और वैकल्पिक व्यवस्था से जुटाए गए सफाई कर्मचारियों की पूरी फौज नजर आई। हालांकि 9 मई से जारी सफाई कर्मचारियों, दमकल कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल अभी जारी है। लोगों को इस बात को लेकर गुस्सा है कि जो इंतजाम सीएम के आगमन से एक दिन पहले हुए हैं वैसे वैकल्पिक प्रबंध पिछले 10 दिन के भीतर हो सकते थे। बता दें कि 12 मई को हड़ताल की अवधि बढ़ाए जाने के एलान के साथ ही हरियाणा स्थानीय निकाय विभाग के प्रधान सचिव ने सभी जिलों के डीसी व अन्य अधिकारियों को सफाई के साथ दमकल केंद्रों में पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए थे। इसी के साथ यह भी चेतावनी दी थी कि रात को कचरे के उठान के साथ साफ सफाई के प्रबंध करवाए जाएं, लेकिन इन निर्देशों पर कोई अमल नहीं हुआ, पर सीएम के 19 मई के रोड शो से पहले पूरा सिस्टम हरकत में दिख रहा है। अब हालात यह है कि जिन सड़कों से सीएम का रोड शो गुजरेगा वहां सफाई कर्मियों के अलावा, लोक निर्माण विभाग, बिजली विभाग और अन्य विभागों की टीम पुख्ता प्रबंध कराने में जुटी है, लेकिन शहर की कॉलोनियों, गली-मोहल्ले और उन सड़कों पर आज भी कूड़े के अंबार लगे हैं जहां से सीएम का रोड शो नहीं है।
पुरानी सब्जी मंडी मेन बाजार की नालियों में गंदगी अटने से गंदा पानी ओवर फ्लो होकर सड़कों पर जमा हो चुका था। गनीमत है कि प्रशासन ने रोड शो से एक दिन पहले न केवल नालियों की सफाई कराई, बल्कि यहां जमा गंदगी को उठवाने के साथ सड़कों पर पिछले कई वर्षों से हुए गड्ढों को भरवाकर पैच वर्क कराया है।
रोड शो से एक दिन पहले सफाई में जुटे 145 कर्मी
मुख्य सफाई निरीक्षक रूप रविंद्र बिश्नोई ने बताया कि थानेसर नगर परिषद के पास 316 अस्थायी सफाई कर्मचारी हैं। इनमें से 55 ड्यूटी पर लौटे गए हैं। इनके अलावा 9 स्थायी सफाई कर्मचारी, एक कर्मचारी दैनिक वेतनभोगी, 25 लोग दिहाड़ी पर और कुरुक्षेत्र के सेक्टरों में ठेके पर लगे 55 सफाई कर्मचारी भी शुक्रवार को मुख्य मार्गों पर फैली गंदगी की सफाई के लिए लगाए गए हैं।
काम रोकने का प्रयास, पुलिस मौके पर पहुंची, प्रदर्शन
मुख्य सफाई निरीक्षक के मुताबिक बिरला मंदिर के पास हड़ताली कर्मचारियों ने शुक्रवार को काम रोकने का प्रयास किया था। इस दौरान यहां हाथापाई की नौबत भी आई, लेकिन तुरंत पुलिस के मौके पर पहुंचने के साथ स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। विधायक सुभाष सुधा भी मौके पर पहुंचे। बताया गया कि नगर पालिका कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष सुभाष गुंसर कई सदस्यों को बिरला मंदिर के निकट सफाई में प्रबंधों की जानकारी मिली तो इन्होंने काम रोकने का प्रयास किया।
धरना, प्रदर्शन के साथ फूंका कविता जैन का पुतला
हड़ताली कर्मचारियों ने शुक्रवार को नगर परिषद थानेसर के मेन गेट पर अनिश्चितकालीन धरना जारी रखा। यहां से पैदल मार्च करते हुए मुख्य मार्ग से होते हुए बिरला मंदिर पहुंचे, जहां इन्होंने कर्मचारी नेता सुभाष गुंसर के नेतृत्व में हरियाणा सरकार और मंत्री कविता जैन का पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पिछले दो दिन से सड़क पर जमा है गंदा पानी : मोहित
दुकानदार मोहित ने बताया कि पिछले दो दिन से बाजार की मुख्य सड़क पर गंदा पानी भरा हुआ है। जिसकी वजह से दुकानदारों व ग्राहकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
काम पर पड़ रहा है असर : प्रतीक
दुकानदार प्रतीक ने कहा कि बुधवार से बाजार की मुख्य सड़क पर गंदा पानी भरा है। इससे दुकान पर ग्राहकों का आना कम हो गया है, जिसके कारण काम पर काफी असर पड़ रहा है।
कई लोगों को लग चुकी है चोट : हरि सोनी
दुकानदार हरि सोनी ने कहा कि गंदे पानी की नाली रुकने से नाली का सारा गंदा पानी सड़क पर इकट्ठा हो गया है। जिसकी वजह से पिछले दो दिन में कई मोटरसाइकिल चालक गिर चुके हैं।
गंदे पानी से उठ रही है बदूब : दीपक
वार्ड नं. 5 के पूर्व पार्षद दीपक सिंगला ने बताया कि पिछले दो दिनों से गंदे पानी की वजह से शहर की प्रमुख गली में बदबू फैलने की वजह से राहगीरों के साथ दुकानदारों का दुकानों पर भी बैठना मुश्किल हो गया है। प्रशासन से गुहार लगाते हुए समस्या के जल्द समाधान की मांग की है।