एडीजीपी लॉ एंड ऑर्डर ने ली पुलिस अधिकारियों की बैठक
क्राईम फोटो 18
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
डेरा प्रमुख मामले पर फैसले से पहले प्रबंधों को लेकर शनिवार को डीजीपी ला एंड आर्डर मोहम्मद अकील ने जिला पुलिस लाइन में जिला के पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। एडीजीपी ने मौजूदा हालात को देखते हुए जिले में ड्यूटी ला एंड आर्डर के लिए और कंपनी तैयार करने के आदेश दिए हैं।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक गर्ग ने बताया कि शनिवार दोपहर एडीजीपी ला एंड आर्डर कुरुक्षेत्र पहुंचे थे, जिन्होंने जिला के सभी पुलिस अधिकारियों की बैठक पुलिस लाइन में ली। उन्होंने बताया कि एडीजीपी ने मौजूदा हालात को देखते हुए जिला में ड्यूटी ला एंड आर्डर के लिए और कंपनी तैयार करने के आदेश दिए हैं। वहीं यह भी निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी पुलिस अधिकारी हर समय अपनी ड्यूटी पर मौजूद रहें। थाना प्रभारी, डीएसपी और एसपी आपस में संपर्क में रहें। उन्होंने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के भी निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि गांव के प्रमुख लोगों के साथ मिलकर शांति व्यवस्था बनाये रखने की अपील करें और इसी के साथ ही पीस कमेटी के माध्यम से डेरा प्रेमियों से भी संपर्क करें। मीडिया से बात करते हुए मोहम्मद अकील ने कहा कि पुलिस सोशल मीडिया पर नजर रखे हुए है, किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कानून व्यवस्था बनाये रखना पुलिस का काम है और इसके लिये पुलिस तैयार है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि आम जनता व डेरा प्रेमी भी शांति व्यवस्था बनाये रखने में प्रशासन का सहयोग करेंगे।