संदिग्ध हालात में व्यक्ति की मौत, परिजनों में रोष
शाहाबाद। शाहाबाद के गांव मछरौली में शुक्रवार की शाम करीब 4 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में ट्राले के टायर के नीचे आने से व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक व्यक्ति की पहचान हरदेव सिंह निवासी गांव मछरौली तहसील शाहाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव मछरौली निवासी निवासी गुलाब सिंह ने बताया कि उसका भाई हरदेव सिंह गांव के ही ट्राला चालक दलजीत सिंह के पास ही पिछले दो सालों से क्लीनर का काम कर रहा है। शुक्रवार को उसका भाई हरदेव व ट्राला चालक दलजीत दोनों गाड़ी लेकर गांव आए हुए थे। सायं 4 बजे सूचना मिली कि उसके भाई हरदेव सिंह की ट्राला बैक करवाते समय उसके पिछले टायर के नीचे आने से मौत हो गई है। उसे यह भी बताया गया है कि उसका भाई हरदेव जब ट्राला बैक करवा रहा था तो अचानक ट्राले का टायर फट गया और ट्राला ऊपर से जा रहे हाईटेंशन तारों से जुड़ गया जिस कारण गाड़ी में भी करंट आ गया। इस कारण गाड़ी को छूने से उसके भाई को भी करंट लगा और वह नीचे गिर। ट्राले का टायर उसे कुचलता हुआ निकल गया। भाई गुलाब ने कहा कि उसे ऐसा बताया गया है लेकिन इस मामले की जांच पुलिस करेगी। इस बारे में जब थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है।