कुरुक्षेत्र। आमजन की समस्या सुनते उपायुक्त शांतनु शर्मा। विज्ञप्ति
कुरुक्षेत्र। प्रदेश सरकार के आदेशानुसार जिला और उपमंडल स्तर पर प्रत्येक कार्य दिवस में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन समाधान शिविरों में फैमिली आईडी, प्रॉपर्टी आईडी, पेंशन, राशन कार्ड एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली, अपराध से संबंधित शिकायतें, बिजली, सिंचाई, जन स्वास्थ्य से संबंधित शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। उक्त विचार उपायुक्त शांतनु शर्मा ने लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि आमजन की अन्य समस्याओं को भी शिविरों के माध्यम से सुना जा रहा है और संबंधित विभाग को इसका समाधान करने के निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि आमजन को परेशानी का सामना न करना पड़े। शुक्रवार को समाधान शिविर में करीब 60 शिकायतों को सुना गया और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने अधिकारियों को कहा कि फैमिली आईडी से संबंधित जो शिकायतें आ रही है, उसका तय समय सीमा के अंदर समाधान करें और शिकायतकर्ता का नंबर जरूर लें, ताकि उससे संपर्क किया जा सके।
उपायुक्त ने बताया कि इन शिविरों को लगाने का उद्देश्य आम व्यक्ति की समस्याओं का समाधान एक ही छत के नीचे हो जाए, क्योंकि सभी अधिकारी एक साथ उपस्थित रहते है और समस्या का समाधान पल भर में हो जाता है। इस मौके पर नगराधीश रमन गुप्ता, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीएसपी ओमप्रकाश, तहसीलदार परमजीत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।