जिला परिषद के 17 वार्डों का ड्रा ऑफ लॉट से वार्ड आरक्षण का कार्य पंचायत भवन में संपन्न हुआ, जिसमें जिप के 6 वार्डों को महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है। यह ड्रा उपायुक्त मुकुल कुमार की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि हरियाणा पंचायती राज नियमावली के नियम के तहत जिला कुरुक्षेत्र की पंचायत समिति के वार्डों की सूचि तथा जिला परिषद के वार्डों की सूची का अंतिम प्रकाशन 4 जून को किया जा चुका है।
हरियाणा पंचायती राज (निर्वाचन) संशोधित नियमावली 2021 के नियम पांच में किए गए प्रावधान अनुसार जिला परिषद कुरुक्षेत्र के वार्डों में से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जाति की महिलाएं और सामान्य जाति की महिलाओं की सीटों का आरक्षण क्रमबद्ध नंबर अनुसार और पिछड़ा वर्ग क की सीटों को आरक्षित करने तथा पिछड़ी जाति ए के लिए वार्ड आरक्षित करने के लिए ड्रा ऑफ लॉट से किया गया है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति (महिला सहित) के आरक्षित वार्डों में अनुसूचित जाति महिला के लिए वार्ड 3 और 15, अनुसूचित महिला के अलावा वार्ड 1 व 12, पिछड़ी जाति क के लिए आरक्षित वार्डों में महिला के अलावा वार्ड 2 और 5, शेष वार्डों में महिला के लिए वार्ड नंबर 4, 6, 8, 10, 13, 16 तथा महिला के अलावा वार्ड 7, 9, 11, 14 व 17 आरक्षित किए गए है। इस मौके पर जिला परिषद के सीईओ अश्विनी मलिक, केडीबी सीईओ अनुभव मेहता, डीडीपीओ प्रताप सिंह, निवर्तमान जिप चेयरमैन गुरदयाल सुनहेड़ी आदि उपस्थित रहे।