कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में नव सत्र की प्रवेश परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को 587 परीक्षार्थी विभिन्न प्रोग्राम की परीक्षा देने पहुंचे, जिसमें एमएससी सूक्ष्म जीव विज्ञान, एमएससी भूगोल व एमएससी रसायन विज्ञान के विद्यार्थी शामिल रहे।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. अंकेश्वर प्रकाश ने बताया कि एमएससी माइक्रो बायोलॉजी में 89 परीक्षार्थी सुबह 10 बजे परीक्षा देने पहुंचे जबकि दोपहर सत्र में साढ़े 12 बजे एमएससी भूगोल की परीक्षा संपन्न हुई, जिसमें 193 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षाओं के लिए कुवि कैंपस में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए, जिसमें केंद्र अधीक्षक व ऑब्जर्वर को नियुक्त किया गया ताकि यह सभी परीक्षाएं शांतिपूर्ण व नकल रहित संपन्न हो सकें। यह परीक्षा विज्ञान संस्थान व विधि संस्थान में आयोजित की गई। दोपहर साढ़े तीन बजे कम्युनिटी सेंटर ब्लॉक-एक व ब्लॉक-दो में एमएससी रसायन विज्ञान की प्रवेश परीक्षा हुई, जिसमें 305 विद्यार्थी परीक्षा देने पहुंचे।
उन्होंने बताया कि परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए सभी परीक्षा केंद्रों की वीडियोग्राफी भी करवाई जा रही है। बुधवार को एमएमसी फोरेंसिक विज्ञान, एमएससी गणित व एमएससी प्राणी विज्ञान व एमएससी भौतिकी की परीक्षा होगी, जिसमें 1035 विद्यार्थियों ने प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन किया है। उन्होंने बताया कि कुवि के विभिन्न विभागों के पाठ्यक्रमों के लिए नव सत्र के लिए 11203 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है, जिसमें आठ जुलाई तक इन पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।