कुरुक्षेत्र। गुरुकुल कुरुक्षेत्र के ब्रह्मचारियों ने एक बार फिर संस्थान का नाम रोशन किया है। यहां के 54 छात्रों ने यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (यूपीएससी) की एनडीए लिखित परीक्षा पास कर शानदार उपलब्धि हासिल की। इस सफलता पर गुरुकुल परिवार की ओर से परिसर में एक भव्य समारोह का आयोजन कर छात्रों को सम्मानित किया गया।
संस्थान के मैनेजमेंट, अधिकारी और अध्यापक मंडल ने उन्हें फूल मालाएं पहनाकर तथा मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। गुरुकुल के संरक्षक एवं गुजरात व महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने भी संदेश भेजकर छात्रों को शुभकामनाएं दीं। निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. प्रवीण कुमार शर्मा ने छात्रों को सलाह दी कि वे अपने अनुभव साझा कर साथियों और कनिष्ठों को प्रेरित करें। संस्थान ने आश्वासन दिया कि वे भविष्य में भी देश के लिए सक्षम अधिकारी तैयार करने में अपना सहयोग जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की कड़ी मेहनत, समर्पण और संस्थान द्वारा दिए गए मार्गदर्शन का परिणाम है। सम्मान समारोह में प्रधान राजकुमार गर्ग, प्राचार्य सुबे प्रताप और सभी अध्यापक मौजूद रहे।