-मां और बेटी की हालत गंभीर,पीजीआई रेफर,बड़ी बेटी खतरे से बाहर
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र । शराबी ने पत्नी पर गंडासे से हमला कर दिया। पिता के हमले से घायल मां को लहूलुहान देकर दो बेटियों ने बचाने का प्रयास किया तो उसने उन पर भी हमला कर दिया। इस बीच शोर सुनकर पड़ोसी घर के भीतर आ गए। पड़ोसियों को देखकर आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गया। पड़ोसियों ने तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां हालत गंभीर होने पर मां और छोटी बेटी को डॉक्टरों ने चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया जबकि बड़ी बेटी को एलएनजेपी अस्पताल में ही भर्ती करा दिया गया।
जानकारी के अनुसार पटियाला बैंक कॉलोनी निवासी रमाकांत अपनी पत्नी कृष्णा देवी, दो बेटियों पूजा, कृतिका के साथ यहां रहता है। उसकी पत्नी घरों में कामकाज कर परिवार का गुजारा करती है। जबकि अपनी शराब की लत के कारण रमाकांत घर पर ही रहता है। रोज की तरह शनिवार को पत्नी से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। शराब के नशे में धुत रमाकांत ने नाराज होकर गड़ासे से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। जिससे कृष्णा देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। घर के भीतर ही मौजूद उसकी बड़ी बेटी पूजा और छोटी बेटी कृति मां को पिटता देख रही थी। पिता की पिटाई से जब दोनों ने मां को अचेत देखा तो बचाने के लिए दौड़ पड़ीं। वहीं रमाकांत ने बेटियों के आने पर उनपर भी गंडासे से हमला कर दिया। जिससे वो दोनों भी घायल हो गईं। इस बीच शोर सुनकर पड़ोसी घर के बाहर आ पहुंचे। पड़ोसियों को घर के बाहर देख रमाकांत मौके से भाग निकला। वहीं घायल पूजा ने घर का दरवाजा खोला। पड़ोसियों ने तुरंत मां और दोनो बेटियों को अस्पताल पहुंचाया। जहां से डॉक्टरों ने कृष्णा और कृति की हालत गंभीर देखकर चंडीगढ़ पीजीआई के लिए रेफर कर दिया। वहीं पूजा को अस्पताल में भर्ती कर लिया।
गंभीर रुप से घायल कृष्णा देवी और उसकी छोटी बेटी कृति की हालत नाजुक है। सुभाष मंडी पुलिस चौकी प्रभारी कुलदीप के मुताबिक उन्होंने मौके का जायजा लिया। आरोपी की तलाश की जा रही है।