जनसंख्या के आधार पर होगी सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति
अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा । करोड़ों रुपये की लागत से शहर का विकास व सुंदरीकरण किया जाएगा। इसी को लेकर वीरवार को पालिका हाउस की बैठक पालिका सचिव सुशील कुमार की अध्यक्षता में हुई। पालिका प्रधान अशोक सिंगला ने बताया कि करोड़ों रुपये की लागत से शहर का विकास व सुंदरीकरण किया जाएगा। अनाज मंडी टाउनशिप पर 6 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अंतर्गत मंडी व मंडी के आसपास की सभी सड़कों को चकाचक बनाया जाएगा। बस स्टैंड के पास स्थित स्वर्ण जयंती पार्क का सुंदरीकरण किया जाएगा। इसके अलावा पालिका की जमीन पर बनी सभी धर्मशालों पर 5 लाख रुपये खर्च कर उनका सुंदरीकरण होगा। कैथल रोड के किनारे ब्लॉक लगाए जा रहे हैं। पालिका ने मेन बाजार में पार्किंग स्थल बनाया हुआ है। इस मौके पर पालिका सचिव सुशील कुमार, पार्षद योगेश लक्की, प्रवीन काला, सुखविंद्र बिट्टू, महिंद्र सिंह, पूर्व पार्षद कृष्ण टोनी, पलविंद्र पम्मा, दीपक अत्री, गुरविन्द्र सिंह, मनमोहन, रेखा कौशिक, सुशीला देवी, रामधारी सहित पालिका कर्मी मौजूद रहे।
धर्मनगरी होगी स्वच्छ
पालिका प्रधान अशोक सिंगला ने बताया कि पालिका द्वारा स्वच्छता के लिए डोर टू डोर अभियान चलाया जाएगा। जिसमें लोगों को गीला तथा सूखा कूड़ा-कर्कट के बारे में जागरूक किया जाएगा। इसके लिए जल्द ही पालिका एक एजेंसी को नियुक्त करेंगी। पालिका जल्द ही जनसंख्या के आधार पर सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति करेंगी। जिसके लिए वे जल्द ही डीसी कुरुक्षेत्र से मुलाकात करेंगे।