बदबू और मक्खियों से परेशान लोगों ने ईंटें लगाकर बंद किया कूड़ाघर का गेट
अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा। नगरपालिका द्वारा शहर से इकट्ठा किया गया कूड़ा लाडवा-हिनौरी रोड पर डालने का शनिवार को विरोध हुआ। इस दौरान लोगों ने विरोध प्रदर्शन करके कूड़ा डालने की जगह का गेट भी ईंटें लगाकर बंद करने का प्रयास किया। गेट बंद करने पर अड़े लोगों की शिकायत नपा सचिव ने पुलिस को शिकायत दी, जिससे तनाव की स्थिति बन गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर बैठक कराई, जिसमें नपा प्रशासन के कूड़ाघर का गेट वहां से बंद करने पर सहमति जताने पर ही मामले का निपटारा हो पाया।
जानकारी के अनुसार हिनौरी रोड पर गीता मंडी के पीछे नगरपालिका ने अपनी जमीन की चारदीवारी कराकर उसमें कूड़ा डालने की जगह बना रखी है। उस जगह के आसपास बसी कॉलोनियों के लोग कूड़े से उठने वाली बदबू और उससे पैदा होने वाले मक्खी-मच्छरों से परेशान हैं। इस जगह के सामने बसी वीआईपी कॉलोनी पार्ट दो के लोगों ने शनिवार को सुबह इकट्ठे होकर कूड़ा डालने की जगह के रास्ते को ईंटों से बंद करने का काम शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर नपा सचिव नेक लाडवा पुलिस को मामले की शिकायत की। पुलिस को शिकयत होने की जानकारी मिलते ही लोग भड़क गए। उन्होंने नपा सचिव के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए इस जगह पर कूड़ा डालना बंद करने की मांग की। वीआईपी कॉलोनी पार्ट दो के लोगों प्रमोद शर्मा, अशोक मंढान, गुरदीप सिंह, कर्मजीत सिंह, पवन कुमार, निर्मला देवी, जसमेरो देवी, चंपा आदि ने बताया कि नपा के कूड़ा डालने से उनका अपने ही घरों में रहना मुश्किल हो गया है। हवा चलने पर कूड़ा व प्लास्टिक की पन्नियां आदि उनके घरों में आती हैं। वहीं कूड़े से पूरा दिन बदबू उठती रहती है। बड़ी संख्या में मच्छर और मक्खियां पैदा हो रहे हैं। बच्चे तक बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसे लेकर वह कई बार नगरपालिका को शिकायत दे चुके हैं, लेकिन नपा प्रशासन ने कोई ध्यान नहीं दिया, जिस पर मजबूर होकर उन्होंने कूड़ाघर का गेट बंद करने का फैसला किया।
वहीं नपा प्रशासन से शिकायत मिलने पर थाना प्रभारी ने दोनों पक्षों को थाने में बुलाया और बैठक में मामले पर दोनों पक्षों में सहमति से मामले का निपटारा किया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नपा प्रशासन कूड़ा घर का गेट वीआईपी कॉलोनी के सामने से बंद करके उसका रास्ता किसी और जगह से बनाएगा। इस अवसर पर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह, नपा अध्यक्षा के जेठ राजू खुराना, नपा प्रशासन, वार्ड के पार्षद एवं अन्य लोग मौजूद रहे।