पूर्व जिप चेयरमैन ने सुनीं दिव्यांगजनों की समस्याएं
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विकलांग विकास एवं कल्याण ट्रस्ट की ओर से नौ अप्रैल से धरने पर बैठे दिव्यांगों की समस्याओं को सुनने के लिए शनिवार को जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष प्रवीण चौधरी मौके पर पहुंचे। रेडक्रॉस कार्यालय के निकट धरनारत दिव्यांगों की समस्याएं सुनने के बाद प्रवीण ने कहा कि प्रदेश सरकार को जल्द इनकी मांगों पर ध्यान देकर पूरा कराना चाहिए।
उन्होंने कहा कि दिव्यांग कई दिन से सड़कों पर हैं, लेकिन जिले का कोई भी अधिकारी उनसे बात तक करने में दिलचस्पी नहीं ले रहा। दिव्यांगों की कई मांगें जायज हैं, जिन्हें समय से पूरा करके सम्मानपूर्वक जीवनयापन करने में इनकी मदद करनी चाहिए। ट्रस्ट की अध्यक्ष रमेश रानी ने बताया कि वह दिव्यांगजनों को न्यूनतम मजदूरी के बराबर की मासिक पेंशन, 40 प्रतिशत दिव्यांग होने पर ही पेंशन, बस पास और रेल पास की सुविधा देने, सभी दिव्यांगों के बीपीएल राशन कार्ड बनवाने, आउटसोर्स नौकरियों में भी दिव्यांगों को पांच प्रतिशत कोटा देने, दिव्यांगों को ऋण बगैर गारंटी के और आसान प्रक्रिया से देने, मनरेगा स्कीम के तहत दिव्यांगों के जॉब कार्ड बनाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक उनकी सुनवाई नहीं होगी, धरना-प्रदर्शन जारी रखेंगे। इस अवसर पर काला राम, सुनीता देवी, बबली, रितु रानी, मेवा राम आदि दिव्यांग मौजूद रहे।