इनेलो के काले झंडे बनेंगे उनके लिए ही कफन : बेदी
अमर उजाला ब्यूरो
शाहाबाद।
राज्यमंत्री कृष्ण बेदी ने 11 फरवरी को हिमाचल के स्पीकर डॉ. राजीव बिंदल के नागरिक अभिनंदन और 15 फरवरी को अमित शाह की जींद रैली को लेकर शनिवार को कार्यकर्ताओं की बैठक शाहाबाद के श्री शिव मंदिर धर्मशाला में की। इसमें उन्होंने कहा कि 15 फरवरी को भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की जींद रैली को लेकर काले झंडे दिखाने की बात करने वाले अभय चौटाला विधानसभा से भाग जाते हैं और एसी रूम में बैठकर काले झंडे दिखाने की बात करते है। इनेलो के यही काले झंडे इस पार्टी के लिए काला कफन बनेंगे।
उन्होंने कहा कि इनेलो की सोच शुरू से ही भाईचारा और शांति भंग करने की रही है। भाजपा प्रजातंत्र का हनन नहीं होने देगी और विपक्षी पार्टियां जितना विरोध करेंगी, भाजपा कार्यकर्ता उससे ज्यादा जींद का मैदान भरेंगे। बेदी ने कहा कि शाह की यह रैली भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए चुनौती पूर्ण है। इस रैली को सफल बनाएं। 70 साल के इतिहास में पहला ऐसे कभी नहीं हुआ कि किसी पार्टी के अध्यक्ष आने पर किसी ने इस तरह काले झंडे दिखाने की बात कही हो, लेकिन इनेलो यह नयी परंपरा शुरू की है। बेदी ने कहा कि इनेलो बड़े जोश से पंजाब में एसवाईएल नहर खोदने गई थी, लेकिन हरियाणा की ही पीडब्लयूडी की सड़क खोद कर वापस आ गई। दावा किया कि इनेलो का वजूद खत्म हो चुका है। यह पार्टी परिवारवाद में उलझ कर रह गई है।
उन्होंने कहा कि इसी तरह से भ्रष्टाचार में फंसी कांग्रेस भी इस रैली का विरोध करने की बात कर रही है, क्योंकि कांग्रेस जानती है कि यह रैली हरियाणा चुनाव का शंखनांद होगी और भाजपा की दूसरी जीत इस रैली में तय हो जाएगी। शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र से 2222 मोटरसाइकिलें इस रैली में शामिल होंगी। अभी तक 1680 मोटरसाइकिलों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। इस अवसर पर नपा बलदेव राज चावला, कर्ण राज सिंह तूर, मुलख राज गुंबर, सरपंच विक्रम अटवान, देवराज चराया, राव रणजीत सिंह, सुरेंद्र कश्यप माजरी, अरूण कंसल, सिमरण झरौली, नीटू राणा, रिंकू बैरागी आदि मौजूद रहे।