25 से 30 दिन में पूरी होंगी यूजी और पीजी परीक्षाएं
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय सहित प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों में यूजी और पीजी कक्षाओं के विद्यार्थियों को अब हर सेमेस्टर में पढ़ाई के लिए 99 दिन मिलेंगे, क्योंकि पढ़ाई के लिए अधिक समय देने के लिए परीक्षाओं के दिनों को समेटा गया है। अक्सर डेढ़ माह से दो माह तक चलने वाली परीक्षाएं अब 25 से 30 दिन में पूरी करनी होगी। इसके लिए सोमवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में हुई विभिन्न विश्वविद्यालयों के अधिकारियों की बैठक में एकेडमिक कैलेंडर पर मुहर लगाई गई।
बैठक में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र, एमडीयू रोहतक, इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर रेवाड़ी, गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय हिसार, चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय जींद, चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय सिरसा, हेल्थ यूनिवर्सिटी खानपुर सोनीपत, चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय भिवानी के परीक्षा नियंत्रक एवं डीन एकेडमिक अफेयर्स शामिल हुए।
बैठक में सभी विश्वविद्यालयों की ओर से एक ही समय पर दाखिले कराए जाने से लेकर एक ही समय पर परीक्षाओं के आयोजन पर विमर्श किया गया, जिसके बाद एकेडमिक कैलेंडर तैयार किया गया। सभी विश्वविद्यालयों द्वारा इस पर सहमति के बाद अब इसे प्रदेश सरकार को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा, जहां से मंजूरी मिलते ही इसे लागू कर दिया जाएगा।
जानकारी मुताबिक यह कैलेंडर सभी वीसी को भी भेजा जाएगा। सरकार की ओर से हरी झंडी मिलते ही इसे अमल में लाया जाएगा, जिसके बाद इन सभी यूनिवर्सिटी में दाखिले से लेकर परीक्षाओं के आयोजन भी एक साथ शुरू व संपन्न होंगे। यहां तक कि कैलेंडर में विश्वविद्यालयों में कई छुट्टियों पर भी कैंची चलाई गई है, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए अधिक से अधिक दिन मिल सके। यह कैलेंडर लागू होने के बाद सभी विश्वविद्यालयों में छुट्टियों का भी एक ही सामान्य शेडयूल रहेगा।
बता दें कि पिछले दिनों प्रदेश सरकार के निर्देश पर विश्वविद्यालयों में दाखिले से लेकर परीक्षाओं की प्रक्रिया को भी सुदृढ़ करने को लेकर एक विशेष बैठक का आयोजन उच्चतर शिक्षा निदेशक की अध्यक्षता में किया गया था, जिसके बाद उक्त विशेष कमेटी बनाई गई थी, जिसने सोमवार को एकेडमिक कैलेंडर तैयार किया। उम्मीद जताई जा रही है इसी सप्ताह प्रदेश सरकार की ओर से इस पर निर्णय लिया जाएगा।