जिले में विशेष पुलिस अधिकारी के 50 पदों की भर्ती प्रक्रिया 8 नवंबर को सुबह 8 बजे पुलिस लाइन में शुरू की जाएगी। इन पदों के लिए भूतपूर्व सैनिक के साथ-साथ अब हरियाणा राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल से निकाले गए पुरुष व महिला सिपाही भी आवेदन कर सकते है। यह जानकारी देते हुए एसपी सिमरदीप सिंह ने बताया कि मुख्यालय के आदेशानुसार जिले में हरियाणा पुलिस अधिनियम 2007 की धारा 21 के अनुसार विशेष पुलिस अधिकारियों का चयन किया जाना है। इसके लिए जिले में 50 पद भूतपूर्व सैनिकों व हरियाणा राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल से निकाले गए पुरुष व महिला सिपाही के जरिये भर्ती किए जाएंगे।
इन पदों के आवेदन के लिए निर्धारित उम्र 25 से 50 वर्ष की होनी चाहिए। इन चयनित विशेष पुलिस अधिकारी को 14000 रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में सीधी जमा करवा दी जाएगी। इन सहायक बल के सदस्यों को उनके गृह पुलिस थानों में तैनात नहीं किया जाएगा। लेकिन गृह स्थल के आसपास नियुक्त करने का प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा नियमानुसार सभी सुविधाएं दी जाएंगी। इसके लिए योग्य प्रार्थी 8 नवंबर को सुबह 8 बजे अपने शैक्षणिक और डिस्चार्ज प्रमाण-पत्र लेकर पुलिस लाइन में पहुंचना सुनिश्चित करेेंगे। इन चयनित विशेष पुलिस अधिकारियों को 15 दिनों का कैप्सूल कोर्स भी करवाया जाएगा।