केवाईसी के नाम पर अकाउंट से उड़ाए 45 हजार रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। शातिर ठग ने अकाउंट की केवाईसी करने का झांसा देकर उपभोक्ता के अकाउंट से 45 हजार रुपये उड़ा लिए। ठगी की भनक लगने पर उपभोक्ता ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। थाना कृष्णा गेट पुलिस में दर्ज शिकायत में जयपाल देशवाल वासी गोविंद गढ़ ने बताया उसका एसबीआई में बैंक अकाउंट है। सोमवार को उसके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को एसबीआई बैंक का अधिकारी बताकर अकाउंट की केवाईसी कराने की बात कही थी। उसे बैंक अधिकारी समझकर उसने अपनी अकाउंट की जानकारी उसे दे दे थी। उसके बाद उसके अकाउंट से दो बार में 25 हजार रुपये व 20 हजार रुपये कट गए थे। जैसे ही उसे पैसे कटने का मैसेज आया तो बैंक जाकर जानकारी प्राप्त की, जिसमें उन्हें ठगी की भनक लगी। शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।