फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महज 20 पुलिस कर्मियों से सहारे ट्रेफिक व्यवस्था का जिम्मा, वे भी गीता जयंती महोत्सव व वीआईपी डयूटी में व्यस्त

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

कुरुक्षेत्र। शहर में ट्रैफिक व्यवस्था का जिम्मा महज 20 पुलिसकर्मियों के हाथों में है और वे भी अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव व वीआईपी ड्यूटी में लगे हैं। शहर की सड़कों से लेकर बाजार तक अव्यवस्था फैली हुई है और लोग जाम से जूझ रहे हैं। कुछ होमगार्ड जवानों के कंधों पर यह जिम्मेदारी डाली हुई है। कई चौक व बाजारों से पुलिस व होमगार्ड जवान भी गायब हैं।
अव्यवस्था का आलम यह है कि पिपली जीटी रोड से लेकर शहर के कई मुख्य चौक-चौराहों से पुलिस नदारद है। अमर उजाला की टीम ने पड़ताल शुरू की तो ऐसा ही नजारा उपरोक्त स्थानों के साथ ही मेन बाजार में भी देखने को मिला। यहां न तो पुलिस दिखाई दी और न ही यातायात को व्यवस्थित करने का कोई बंदोबस्त सामने आया। विभिन्न स्थानों पर लोगों से बातचीत की तो पता चला कि गीता जयंती उद्घाटन से पहले ही शहर में यातायात प्रभावित है। मेन बाजार से दुकानदार प्रवीण ने बताया कि यहां सुबह 8 से शाम 8 बजे तक चार पहिया वाहन लाने पर पाबंदी है, लेकिन इस नियम को तोड़ने वालों पर नजर रखने के लिए कोई पुलिस वाला तक नहीं रहता। आंबेडकर चौक के निकट दुकानदार कमल ने कहा कि जबसे गीता जयंती कार्यक्रम चला है, पुलिस तो जैसे यहां से गायब ही हो गई है। अग्रसेन, श्रद्धानंद, विश्वकर्मा, आंबेडकर, महाराणा चौक, थर्ड गेट चौकी के बाहर और पुराने बस अड्डे से झांसा रोड की तरफ रोटरी चौक पर भी पुलिस नदारद दिखी।
विज्ञापन


एंबुलेंस को भी मुश्किल से मिल पाया रास्ता
रविवार को निजी अस्पताल से चंडीगढ़ के लिए रेफर किए मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस का भी पुराने बस अड्डे से लेकर पिपली तक करीब आधा घंटा लगा। जगह-जगह जाम में फंसी यह एंबुलेंस हूटर बजाती रही, लेकिन जाम के आगे इसकी आवाज भी धीमी पड़ गई और इसमें मरीज को लिए परिजन चिंता में डूबे रहे।

सेक्टर-2, 3 कट के पास भारी वाहन ने किया राहगीरों को परेशान
वर्जित क्षेत्र का बोर्ड लगा होने के बावजूद शहर में भारी वाहन चालकों की मनमर्जी खूब हावी है। पुलिसकर्मी नदारद हैं तो इन चालकों के हौसले भी खूब बुलंद हैं। हालांकि सेक्टर-2, 3 कट के पास से वर्जित क्षेत्र में भारी वाहनों के आने-जाने का यह पहला मौका नहीं है। पुलिस की लापरवाही से दिन-रात ओवरलोड वाहन चालक तक यहां से गुजरने में परहेज नहीं करते।

प्रशासन करे चौक पर पुलिस को तैनात : रवि
राहगीर रवि ने बताया कि कुछ दिनों से तो आंबेडकर चौक क्रॉस करने में भी 15-20 मिनट से लेकर आधा घंटा तक वेट करना पड़ जाता है। प्रशासन को चौक पर तो जरूर पुलिस तैनात करनी चाहिए।
बाक्स
पिपली पुल के दोनों तरफ जीटी रोड पर जाम की स्थिति: अजय
पुलिस के अभाव में पिपली पुल के निकट भी यातायात काफी प्रभावित रहा। करनाल-दिल्ली की तरफ तथा अंबाला-चंडीगढ़ जाने वाले वाहनों के पहिए कई-कई मिनट तक चौक पर ही थमे रहे। सरकारी बसों से लेकर ट्रक और कारों सहित अन्य निजी वाहन लगातार परेशानी झेलने को मजबूर दिखे। पिपली वासी व्यवसायी अजय ने बताया कि ऐसी स्थिति में चार पहिया वाहन निकालते हुए कई बार सोचना पड़ता है। इसीलिए जो कार्य कार में करने के हैं, उन्हें पिपली चौक पर जाम की वजह से मोटर साइकिल पर ही निपटाना पड़ रहा है।

सभी चौक पर खड़े करने चाहिए पुलिस कर्मचारी : गोपाल
रोटरी चौक स्थित दुकान संचालक गोपाल ने कहा कि वाहन चालक सड़क के बीचोंबीच गाड़ियां खड़ी करके जाम के हालात पैदा कर देते हैं। लेकिन इन्हें रोकने के लिए कोई भी पुलिसकर्मी नहीं आता। पुलिस प्रशासन को यहां के सभी चौक पर कर्मचारी तैनात करने चाहिए।
विज्ञापन


वीआईपी ड्यूटी में लगे हैं पुलिस कर्मी : संदीप
शहर में ट्रैफिक व्यवस्था के लिए पुलिस के करीब 20 जवान हैं। 50 होमगार्ड जवान भी हैं। अधिकतर की ड्यूटी गीता जयंती महोत्सव व वीआईपी ड्यूटी में लगी है। इसके बावजूद कुछ कर्मी मुख्य चौकों से वाहनों की व्यवस्था बनाने के लिए लगाए गए हैं। 18 दिसंबर के बाद सभी पुलिसकर्मी पहले की तरह सभी चौक पर तैनात कर दिए जाएंगे।
- संदीप सिंह, एसएचओ, ट्रैफिक
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें