अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र। केयू में होनेे वाले छात्र संघ चुनावों का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। 12 अक्टूबर को विद्यार्थी नामांकन कर सकेंगे। 13 अक्तूबर को छंटनी होगी व 17 अक्तूबर को विभागों में सीआर, डीआर व यूनिवर्सिटी कैंपस स्टूडेंटस कार्यकारिणी परिषद का चुनाव होगा। विश्वविद्यालय के चुनाव आयुक्त प्रो. एनएन डोगरा ने बताया कि चुनाव के लिए सभी विभागों में विद्यार्थी 12 अक्तूबर को 3 बजे तक नामांकन कर सकेंगे। इसी दिन सायं 3.30 बजे सीआर के चुनाव के लिए नामांकन भरने वालो की लिस्ट लगाई जाएगी। अगर किसी उम्मीदवार की योग्यता पर आपत्ति है तो उसी दिन शाम 5 बजे तक आपत्ति दर्ज की जा सकती है। उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों की छंटनी 13 अक्तूबर को सुबह 10 बजे तक होगी। छंटनी के बाद योग्यता पूरी करने वाले उम्मीदवारों की सूची 13 अक्टूबर को प्रात: 11 बजे डिस्प्ले होगी। सीआर के चुनाव में उम्मीदवार 13 अक्तूबर को शाम 4 बजे तक नामांकन वापस ले सकते हैं। प्रो. डोगरा ने बताया कि सीआर के लिए वोटिंग 17 अक्टूबर को प्रात: 9 से प्रात: 11 बजे तक होगी। वोटो की गिनती प्रात: 11 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक होगी। सीआर के रिजल्ट 17 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे तक घोषित होंगे व डीआर की प्रक्रिया 17 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे तक होगी तथा रिजल्ट 2.30 बजे घोषित किए जाएंगे। यूनिवर्सिटी कैम्पस स्टूडेंट्स कार्यकारिणी परिषद के पदाधिकारियों के चुनाव के लिए नामांकन 17 अक्तूबर को सायं 4 बजे होगा व सूची सायं 4.30 बजे लगाई जाएगी। छंटनी की प्रक्रिया सायं 5.30 बजे, योग्य उम्मीदवारों की सूची 17 अक्तूबर को सायं 6 बजे डिस्प्ले होगी। 17 अक्तूबर को शाम 6.30 बजे तक नामांकन वापस ले सकते हैं। अंतिम सूची सायं 6.45 बजे लगेगी। यदि जरूरी हुआ तो वोटिंग 17 अक्टूबर को सायं 8 बजे होगी तथा वोटों की गिनती रात्रि 8 से 10 बजे तक होगी तथा चुनावों के परिणाम रात्रि 10.30 बजे घोषित किए जाएंगे।