अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
श्रीजाहरवीर गोगामेड़ी को वार्षिक छड़ियों के मेले के लिये भव्य रूप में सजाया गया है। वीरवार को यहां 30 हजार से अधिक श्रद्दालु माथा टेकने के लिये पहुंचेंगे। यह जानकारी श्रीजाहरवीर गोगामेड़ी जीर्णोद्धार समिति के अध्यक्ष यशेंद्र शर्मा ने दी। उन्होंने बताया कि धार्मिक स्थल श्रीजाहरवीर गोगामेड़ी परिसर को भव्य रुप में सजाया गया है।
समिति के तत्वावधान में लोकनायक जयप्रकाश अस्पताल से सटे श्रीजाहरवीर गोगामेड़ी पर वार्षिक छड़ियों का मेले पर हजारों श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंचेंगे। वीरवार को सुबह झंडा चढ़ाया जाएगा,इसी के साथ सुबह 8 बजे हवन होगा,इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा के पुत्र हन्नी अरोड़ा एवं डॉ. संतोष दहिया 10 बजे गोगामेड़ी पर चादर चढ़ाएंगे। दोपहर 12 बजे विशाल भंडारा होगा, जिसमें 10 हजार लोगों के लिये भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई है। शाम 5 बजे कुश्ती दंगल होगा, जिसमें हरिद्वार और आसपास राज्यों के अलावा हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों के पहलवान अपने दांवपेंच लड़ाएंगे। रात्रि को गोगा जी का विशाल जागरण होगा, जिसमें गोगा जी की महिमा का बखान किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर सभी सेवादारों की ड्यूटियां लगाई गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उचित प्रबंध किए गए हैं। पूरे गोगा माड़ी भवन को रंग-बिरंगी रोशनी एवं फूलों की लड़ियों से सजाया गया है। वहीं जिला पुलिस-प्रशासन द्वारा भी मेले में सुरक्षा प्रबंधों के मद्देनजर व्यवस्था की है।