अमर उजाला ब्यूरो
लाडवा। भारतीय किसान यूनियन की एक विशेष बैठक सोमवार को किसान विश्रामगृह में हुई, जिसकी अध्यक्षता ब्लाक उपप्रधान कर्म सिंह बूढ़ा द्वारा की गई। बैठक में किसानों की समस्याओं व मांगों पर विचार-विमर्श हुआ तथा उनका समाधान करवाने के लिए रणनीति बनाई गई। बैठक में स्वामी नाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने, किसानों की शुगर मिल में डाले गए गन्ने की राशि का भुगतान जल्द से जल्द करने, पीआर धान की तरह बासमती धान की सरकारी खरीद कर बासमती धान का समर्थन मूल्य निर्धारित करने आदि की मांग की गई। कर्म सिंह बूढ़ा ने कहा कि यदि सरकार ने किसानों की मांगों को पूरा नहीं किया गया तो भाकियू नए साल से प्रदेश भर में उपला सुलगाओ, हुक्का गुड़गुड़ाओ के नाम से आंदोलन चलाएगी। आंदोलन में भाकियू प्रदेशभर में जिला स्तर पर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। जब तक किसानों की मांगों को पूरा नहीं करेगी उनका आंदोलन जारी रहेगा।
यह आंदोलन सत्ता पक्ष के सभी सांसदों, मंत्रियों व विधायकों के आवास पर किया जाएगा ताकि सरकार के कानों तक किसानों की मांगे व समस्याएं पहुंच सके। यदि इसके बावजूद भी सरकार ने उनकी मांगों को पूरा नहीं किया तो 13 मार्च को दिल्ली के जंतर-मंतर पर किसानों की महापंचायत होगी। जब तक किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा उनका संघर्ष जारी रहेगा। बैठक में राजपाल बपदा, मदन पाल, माम चंद बपदी, ईश्वर सिंह बन, सतपाल बपदा, अजैब सिह बपदा, राम करण, धर्मा बपदा, माम चंद बदरपुर, राम कुमार जैनपुर, राम स्वरूप, जगीर बन, शेर सिह बडौंदा, प्रदीप बडौंदा, मामचंद बदरपुर, रतन पाल बपदी सहित अनेक किसान उपस्थित थे।