खेल महाकुंभ की जिलास्तरीय सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता का चैंपियन बना किरमच
अमर उजाला ब्यूरो
कुरुक्षेत्र।
खेल महाकुंभ के तहत आयोजित की गई सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता द्रोणाचार्य स्टेडियम में बुधवार को संपन्न हुई, जिसमें किरमच चैंपियन बना तो सुरमी दूसरे स्थान पर रहा। इस दौरान प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर मुख्यातिथि रहे। उन्होंने कहा कि ओलंपिक खेलों के लिए राज्य सरकार की तरफ से खिलाड़ियों को खेल महाकुंभ जैसी प्रतियोगिताओं के माध्यम से तैयार किए जाने का काम किया जा रहा हैं। सरकार ने ग्रामीण आंचल की प्रतिभाओं को तरासने के लिए खेल नर्सरियां भी स्थापित करने का ऐतिहासिक फैसला लिया हैं। इससे पहले धर्मवीर मिर्जापुर ने खिलाड़ियों से परिचय किया और दूसरे दिन की प्रतियोगिता का शुभारंभ करवाया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को आह्वान किया कि उन्हें मेहनत और लगन के साथ खेलना चाहिए। खिलाड़ी को खेल के मैदान में जीतने की बजाए केवल अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उतरना चाहिए। सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता के समापन समारोह के मुख्यातिथि जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिल कुमार यादव ने खेल महाकुम्भ की सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता में किरमच की टीम को प्रथम आने पर 18 हजार रुपए, सुरमी की टीम को द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर 12 हजार रुपए और समसपुर की टीम को तृतीय स्थान के लिए 9 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देने के साथ-साथ स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक देकर सम्मानित किया। डीएसओ राकेश रावत ने कहा कि खेल महाकुंभ की जिला स्तरीय प्रतियोगिता में 14 टीमों ने भाग लिया था। इस मौके पर जय भगवान, मनोज कुमार, यशबीर सिंह, जितेन्द्र, पंकज परासर, अजय, सुबे सिंह, सुरेन्द्र कौर सहित अन्य डीपीआई और पीटीआई मौजूद थे।