कुरुक्षेत्र। पौंड अथॉरिटी ने पंचायतों के साथ मिलकर थानेसर के 19 गांवों के 38 तालाबों के जीर्णोद्धार, सुंदरीकरण और अमृत सरोवर बनाने के लिए खाका तैयार किया है। योजना के पूरा होने के बाद ग्रामीणों का पानी ओवरफ्लो होने की समस्या से नागरिकों को निजात मिलेगी और जलसंरक्षण भी संभव होगा। बजट की मंजूरी मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
दरअसल, सीएम के जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान गांवों के तालाबों के ओवर फ्लो होने के साथ पानी निकासी की कई समस्याएं सामने आई थी। इन तमाम पहलुओं पर विचार करते हुए सरकार ने गांवों में तालाबों की साफ-सफाई कराने का निर्णय लिया है। इससे गांवों में पानी की निकासी की समस्या से निजात मिलेगी। इसके लिए थानेसर के 19 गांवों में बने 38 तालाबों का चयन किया गया है। इन तालाबों का जीर्णोद्धार अमृत योजना के तहत किया जाएगा। विकास एवं पंचायत विभाग के अधिकारी भी ग्राम पंचायतों के साथ मिलाकर काम करेंगे। येाजना के तहत जिले के कुल 54 तालाबों को चिह्नित किया गया है। सरकार जल्द ही अन्य तालाबों का भी जीर्णोद्धार करेगी, जिन पर करोड़ों रुपये खर्च होंगे।
योजना में इन गांव के तालाब शामिल
गांव प्रतापगढ़, सिरसला, आलमपुर, अमीन, बहादुरपुरा, बाहरी में श्मशान घाट व नाभार मंदिर के पास दरो तालाब, गांव बारना में तीन और बारवा में चार तालाबों का जीर्णोद्धार होगा। चंद्रभानपुरा में दो, दयालपुर में उन्नति तालाब, गांव हंसाला व हथीरा में तीन, इशाकपुर, ज्योतिसर, कैंथला खुर्द में पांच पाउंड सिस्टम व गांव के पीछे की तरफ सहित दो, किरमिच में अंदर की तरफ और शिव मंदिर की तरफ सहित कुल तीन, मिर्जापुर में दो, मुंडा खेड़ा व समसीपुर में तीन, गांव बाहरी के पास दो तालाबों का जीर्णोद्धार किया जाएगा।
करोड़ों का बजट होगा खर्च : विधायक
थानेसर में 19 गांवों के 38 तालाबों को भव्य और सुंदर बनाने पर करोड़ों का बजट खर्च होगा। इनमें से कई तालाबों पर निर्माण कार्य चल रहा है। विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि तालाबों को अमृत सरोवर बनाने के कार्य को जल्द पूरा करें ताकि लोगों को सरकार की योजना का फायदा मिल सके।
सुभाष सुधा, विधायक, थानेसर