कुरुक्षेत्र। योग जागरूकता रैली में हिस्सा लेते हुए।
- फोटो : samvad
कुरुक्षेत्र। योग आयोग के निर्देशानुसार 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जिलेभर में योग जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में गवर्नमेंट आईटीआई उमरी में योग प्रोटोकॉल अभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वाइस प्रिंसिपल गुरप्रीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 350 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया।
योग सहायकों की ओर से विद्यार्थियों को योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत ताड़ासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन, त्रिकोणासन, भद्रासन, वज्रासन, शशांकासन, भुजंगासन, शलभासन, सेतुबंधासन एवं शवासन का अभ्यास करवाया गया। इसके साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम, भ्रामरी तथा ध्यान का अभ्यास भी कराया गया। विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ.मंजू शर्मा ने कहा कि जिले में भारतीय योग संस्थान द्वारा संचालित 54 योग केंद्रों पर प्रतिदिन लगभग 770 व्यक्ति नियमित योगाभ्यास कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त जिले की सभी व्यायामशालाओं में योग सहायकों द्वारा प्रतिदिन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास करवाया जा रहा है, जिसमें आज लगभग 452 प्रतिभागियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि आठ से 10 जून तक जिले के सभी योग सहायकों की ओर से गांव-गांव में योग जागरण यात्राएं निकाली जा रही हैं। इन यात्राओं के माध्यम से आमजन को योग के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ योग युक्त, नशा मुक्त हरियाणा का संदेश भी दिया जा रहा है। सोमवार को जिले के लगभग 18 गांवों में योग जागरण यात्राएं आयोजित की गईं, जिनमें लगभग 306 व्यक्तियों ने भाग लिया। संवाद