माई सिटी रिपोर्टर
कुरुक्षेत्र। कोरोना वायरस की दूसरी लहर धीमी होने के बाद अब हालात सामान्य होने लगे हैं। कोरोना संक्रमित मरीजों के ठीक होकर वापस अपने घर लौटने से निजी व सरकारी अस्पतालों में खाली बेड की संख्या भी बढ़ने लगी है। जिले में एलएनजेपी अस्पताल सहित 15 कोविड अस्पतालों में 546 में से 318 बेड खाली पड़े है। इनमें से आईसीयू बेड विद वेंटिलेटर के 99 में से 51 खाली है। फिलहाल विभिन्न अस्पतालों में 228 बेड पर कोरोना संक्रमित मरीजों को दाखिल किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार बीएस हार्ट केयर में 40 में से 35 बेड, सरस्वती मिशन अस्पताल में 27 में से 15 बेड, एलएनजेपी अस्पताल में 100 में से 60 बेड, अग्रवाल नर्सिंग होम में 37 में से 14 बेड, आरोग्य अस्पताल में 94 में से 22 बेड, उजाला सिग्नस अस्पताल में 16 में से 6 बेड, शाहबाद के मीरी-पीरी मेडिकल कॉलेज के 18 में से 12 बेड, वर्मा अस्पताल में 16 में से 12 बेड, सिद्धार्थ अस्पताल में 19 में से 14 बेड खाली हैं।
इनके अलावा कुरुक्षेत्र नर्सिंग होम में 21 में 8 बेड, आदेश मेडिकल कॉलेज शाहाबाद में 116 में से 104 बेड खाली है। रिपोर्ट के अनुसार कुरुक्षेत्र में 31 मई 2021 तक 546 बेड में से आइसोलेशन के 132 बेड में से 110 खाली हैं। पूरे जिले में ऑक्सीजन सपोर्ट के 255 में से 128 खाली हैं, आईसीयू बिना वेंटिलेटर के 60 में से 29 बेड और आईसीयू बेड विद वेंटिलेटर के 99 में से 51 बेड खाली हैं।
कम हो रहा संक्रमण का प्रकोप : डॉ. वर्मा
जिला सिविल सर्जन डॉ. संत लाल वर्मा ने कहा कि कुरुक्षेत्र में लगातार कोरोना संक्रमण का प्रकोप कम होता जा रहा है। अब कुरुक्षेत्र में कोविड मरीजों के लिए किसी भी अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित कोई कमी नहीं है। सभी मरीजों का अच्छी तरह से इलाज किया जा रहा है।