अमर उजाला ब्यूरो
पिहोवा। गांव मुकीमपुरा में बने कचरा डंप जोन में नप थानेसर द्वारा कुरुक्षेत्र व पिपली शहर का कचरा गिराना गले की फांस बनता जा रहा है। गांव मुकीमपुरा के ग्रामीणों के बाद अब गांव मुर्तजापुर के ग्रामीण भी नप के डंपरों को गांव से निकलने का विरोध करने लगे हैं। मुर्तजापुर के ग्रामीणों ने भी रास्ता रोककर वहां पहरा देना शुरू कर दिया है।
गांव मुकीमपुरा के ग्रामीणों द्वारा नप के डंपरों को गांव में न घुसने देने के विरोध के चलते नप थानेसर ने गांव मुर्तजापुर से बीबीपुर झील की पटरी से मुकीम पुरा डंप जोन तक पहुंचने के लिए रास्ता बनाने का काम शुरू किया था। लेकिन अब नप को गांव मुर्तजापुर के ग्रामीणों के विरोध का सामना भी करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि नप के गंदगी से भरे डंपर गांव की गलियों से गुजरेंगे तो कोई दुर्घटना हो सकती है। इसके अलावा गांव का वातावरण प्रदूषित होगा और बीमारियां फैलने का भय बना रहेगा। मुर्तजापुर के लोग भी अपने गांव में डंपरों को नहीं आने देंगे। ग्रामीणों ने कहा कि वे किसी भी सूरत में नप के गंदगी के डंपर गांव में नहीं घुसने देंगे। नगर परिषद को दूसरा रास्ता तलाशना होगा।